Movie prime

काशी में एयर शो देखने जा रहे हैं तो ध्यान दें! कई रास्तों पर डायवर्जन, राजघाट पुल पर 6 घंटे तक नो-एंट्री

 
राजघाट
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: काशी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले एयर शो और प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इन तीन दिनों में शहर की यातायात व्यवस्था में कई बदलाव किए जाएंगे। कुछ मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, जबकि कई रास्तों पर रूट डायवर्जन लागू होगा। सबसे अहम बदलाव राजघाट पुल पर रहेगा, जहां सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक वाहनों के साथ पैदल आवागमन पर भी रोक रहेगी।

रिंग रोड और एनएच-19 से होगा बसों का संचालन

एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा के मुताबिक, सभी मालवाहक वाहनों, रोडवेज और निजी बसों के साथ टेंपो ट्रैवलर का संचालन रिंग रोड और एनएच-19 के रास्ते कराया जाएगा। बसों से आने वाले यात्रियों को ऑटो, ई-रिक्शा और सिटी बसों के जरिए अपने गंतव्य तक पहुंचना होगा। वहीं, मीरजापुर की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को औराई-भदोही के रास्ते भेजा जाएगा।

शहर में इन जगहों पर होगी पार्किंग

यातायात पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की है। शहर क्षेत्र यानी ब्लॉक-ए में मच्छोदरी, टाउनहॉल, क्वींस कॉलेज, बीएचयू कैंपस, काशी विद्यापीठ, गोदौलिया मल्टीलेवल पार्किंग और सनातन धर्म इंटर कॉलेज समेत 30 स्थानों पर पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

ब्लॉक-बी यानी वरुणा जोन में कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-9 की पार्किंग, कैंटोनमेंट, यूपी कॉलेज, पहड़िया मंडी और आशापुर समेत 21 स्थानों पर वाहन खड़े किए जा सकेंगे।

वहीं, ब्लॉक-सी यानी रामनगर क्षेत्र में पीएसी ग्राउंड, रामबाग, दुर्गा मंदिर मैदान, पंचवटी और लंका मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

 गंगा के पुलों पर कैसी रहेगी व्यवस्था?

राजघाट पुल: सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक वाहनों और पैदल यात्रियों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
सामने घाट पुल: दोपहिया वाहन और पैदल यात्री आ-जा सकेंगे, लेकिन चार पहिया वाहनों को अनुमति नहीं होगी।
रिंग रोड और विश्वसुंदरी पुल: सभी वाहनों का आवागमन जारी रहेगा।

इन रास्तों पर रहेगा ग्रीन कॉरिडोर

प्रधानमंत्री के आवागमन और आपातकालीन सेवाओं को ध्यान में रखते हुए तीन प्रमुख मार्गों पर ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था रहेगी।

1. नमो घाट से गोलगड्डा, चौकाघाट, लहुराबीर होते हुए कबीरचौरा अस्पताल तक।
2. चौकाघाट से पुलिस लाइन चौराहा, दीनदयाल अस्पताल और ईएसआईसी अस्पताल होते हुए महावीर चौराहा और इनफिनिटी अस्पताल तक।
3. चौकाघाट से कैंट ओवरब्रिज, लहरतारा, भिखारीपुर और नरिया होते हुए मालवीय चौराहा से बीएचयू तक।

ट्रैफिक कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर जारी

यातायात व्यवस्था की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा। किसी भी तरह की जानकारी या सहायता के लिए लोग 7839856994 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ट्रैफिक संबंधी मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 7317202020 भी जारी किया गया है।

एयर शो और प्रधानमंत्री के आगमन के दौरान शहर में भीड़ और यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि घर से निकलने से पहले निर्धारित रूट और पार्किंग की जानकारी जरूर कर लें, ताकि जाम और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।