Movie prime

IIT BHU: “ब्लू इकॉनमी देश का दूसरा आईटी सेक्टर” - नौसेना अध्यक्ष एडमिरल त्रिपाठी का आईआईटी (बीएचयू) में प्रेरक संबोधन

 
IIT BHU: “ब्लू इकॉनमी देश का दूसरा आईटी सेक्टर” - नौसेना अध्यक्ष एडमिरल त्रिपाठी का आईआईटी (बीएचयू) में प्रेरक संबोधन
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

IIT BHU: भारतीय नौसेना अध्यक्ष (Chief of Naval Staff) एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने गुरुवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT BHU), वाराणसी में निदेशक प्रो. अमित पात्रा से सौहार्दपूर्ण भेंट की। इसके बाद एबीएलटी-4 सभागार में उन्होंने विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों और कर्मचारियों को प्रेरक संबोधन दिया।

अपने मुख्य संबोधन में एडमिरल त्रिपाठी ने IIT BHU की सदी लंबी विरासत की प्रशंसा की और कहा कि इस संस्थान ने इंजीनियरों और आईटी पेशेवरों की ऐसी पीढ़ियाँ तैयार की हैं, जिन्होंने भारत की प्रौद्योगिकी और औद्योगिक विकास को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। उन्होंने विद्यार्थियों को ‘विकसित भारत @ 2047’ के सपने को साकार करने के लिए प्रेरित किया।

एडमिरल त्रिपाठी ने IIT BHU में भारत की समुद्री ताकत पर जोर देते हुए बताया कि देश का 95% व्यापार, 85% कच्चा तेल और 99% इंटरनेट डेटा समुद्री मार्गों से संचालित होता है। उन्होंने ब्लू इकॉनमी को “दूसरा आईटी सेक्टर” करार देते हुए इसे भारत की अगली बड़ी विकास धारा बताया। भारतीय नौसेना को “राष्ट्र की समुद्री ढाल” बताते हुए उन्होंने रेड सी मार्ग पर 4 अरब डॉलर के व्यापारी जहाजों की सुरक्षा, मानवीय सहायता और साहसिक बचाव अभियानों में नौसेना की भूमिका को रेखांकित किया।

IIT BHU में विद्यार्थियों से नवाचार का आह्वान करते हुए उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), रोबोटिक्स, एडवांस्ड मटेरियल्स और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में स्वदेशी समाधानों पर ध्यान देने को कहा। अपने नेतृत्व अनुभव साझा करते हुए उन्होंने ईमानदारी, अनुकूलनशीलता, साहस, विनम्रता और निःस्वार्थ सेवा जैसे मूल्यों पर बल दिया। स्वामी विवेकानंद के कथन “उठो, जागो और जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो, रुकना मत” को उद्धृत करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को “ड्रीम, डेयर एंड डिलीवर” का मंत्र दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ IIT BHU प्रो. सुशांत कुमार श्रीवास्तव, प्रोफेसर इंचार्ज (कॉरपोरेट एवं औद्योगिक संबंध) के स्वागत भाषण से हुआ। प्रो. एन. के. मुखोपाध्याय, अधिष्ठाता (संकाय मामले) ने अध्यक्षीय उद्बोधन में संस्थान की गौरवशाली परंपरा और राष्ट्र निर्माण में इसकी भूमिका को रेखांकित किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सहित अन्य गणमान्य अतिथियों को उत्तरीय और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।

IIT BHU कार्यक्रम में नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी कैप्टन अदित पटनायक, कमांडर प्रिंस मट्टा और कैप्टन प्रांजल कपिल के साथ-साथ संस्थान के गणमान्य संकाय सदस्य और अधिकारी भी उपस्थित रहे।