Movie prime

IIT-BHU दीक्षांत समारोह: 2048 छात्रों को मिलेगी डिग्री, 97 गोल्ड मेडल से नवाजे जाएंगे मेधावी; कुमार मंगलम बिरला होंगे मुख्य अतिथि
 

 
 IIT-BHU दीक्षांत समारोह: 2048 छात्रों को मिलेगी डिग्री, 97 गोल्ड मेडल से नवाजे जाएंगे मेधावी; कुमार मंगलम बिरला होंगे मुख्य अतिथि
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-बीएचयू) का 15वां दीक्षांत समारोह 31 अक्टूबर को स्वतंत्रता भवन में आयोजित किया जाएगा। इस भव्य समारोह में कुल 2048 विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की उपाधियां प्रदान की जाएंगी। वहीं, उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को 97 गोल्ड मेडल, दो सिल्वर मेडल और 25 नकद पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। समारोह में आदित्य बिरला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में संस्थान के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने दीक्षांत समारोह की तैयारियों, विद्यार्थियों की उपलब्धियों और सम्मान समारोह से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी।

छह श्रेणियों में 2048 विद्यार्थियों को मिलेंगी उपाधियां

निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने बताया कि इस वर्ष कुल छह श्रेणियों में विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें बीटेक के सर्वाधिक 1106 विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अलावा इंटीग्रेटेड डुअल डिग्री के 385, एमटेक/एमफार्मा के 322, पीएचडी के 182, एमएससी के 39 और बीआर्क के 14 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी।

62 मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा विशेष सम्मान

दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक उत्कृष्टता और सर्वांगीण प्रदर्शन के लिए कुल 62 विद्यार्थियों का चयन विभिन्न पुरस्कारों के लिए किया गया है। इनमें कई विद्यार्थी एक से अधिक पुरस्कार प्राप्त करेंगे।

समारोह में 97 गोल्ड मेडल, दो सिल्वर मेडल और 25 नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें एक प्रतिष्ठित प्रेसिडेंट्स गोल्ड मेडल और दो डायरेक्टर्स गोल्ड मेडल भी शामिल हैं।

प्रेसिडेंट्स गोल्ड मेडल बीटेक, बीआर्क और इंटीग्रेटेड डुअल डिग्री पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी को प्रदान किया जाएगा। वहीं, डायरेक्टर्स गोल्ड मेडल विद्यार्थियों के सर्वांगीण प्रदर्शन, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक कौशल के आधार पर दिए जाएंगे।

कुमार मंगलम बिरला होंगे मुख्य अतिथि

दीक्षांत समारोह में आदित्य बिरला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिरला बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। समारोह की अध्यक्षता आईआईटी-बीएचयू के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन डॉ. कोटा हरिनारायण करेंगे। वहीं, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति एवं बोर्ड के वाइस चेयरमैन प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

30 अक्टूबर को होगा पूर्वाभ्यास, 31 को मुख्य समारोह

संस्थान प्रशासन के अनुसार, दीक्षांत समारोह 31 अक्टूबर को सुबह 10 बजे स्वतंत्रता भवन में शुरू होगा। इससे पहले 30 अक्टूबर को शाम चार बजे समारोह का पूर्वाभ्यास आयोजित किया जाएगा, ताकि सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा सके।

निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधियां प्रदान करने का अवसर नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, शोध कार्यों और नवाचार को सम्मानित करने का महत्वपूर्ण मंच भी है। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए उनके शैक्षणिक जीवन का एक यादगार पड़ाव होगा।