IIT BHU में निकली कई पदों पर भर्ती, 10 अगस्त तक करें आवेदन; लाइब्रेरियन से लेकर सिस्टम एनालिस्ट तक के पद शामिल
वाराणसी। काशी के युवाओं और अनुभवी अभ्यर्थियों के लिए सरकारी संस्थान में नौकरी पाने का सुनहरा अवसर है। आईआईटी (बीएचयू), वाराणसी ने विभिन्न प्रशासनिक, तकनीकी, पुस्तकालय, आईटी, खेल और राजभाषा विभागों में 24 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पदों के लिए 11 जुलाई से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 10 अगस्त 2026 शाम 5 बजे निर्धारित की गई है।
भर्ती के तहत असिस्टेंट रजिस्ट्रार, लाइब्रेरियन, डिप्टी लाइब्रेरियन, असिस्टेंट लाइब्रेरियन, प्रिंसिपल सिस्टम एनालिस्ट, सीनियर सिस्टम एनालिस्ट, सिस्टम एनालिस्ट, वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, हिंदी अधिकारी, मुख्य खेल अधिकारी और खेल अधिकारी समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इन पदों के लिए निर्धारित आयु सीमा पद के अनुसार अलग-अलग है और अधिकतम आयु 57 वर्ष तक रखी गई है।
इच्छुक अभ्यर्थियों को समर्थ (Samarth) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। केवल ऑनलाइन आवेदन करना पर्याप्त नहीं होगा। आवेदन पत्र जमा करने के बाद उसका प्रिंटआउट तथा सभी आवश्यक प्रमाणपत्रों की स्वप्रमाणित प्रतियों के साथ स्पीड पोस्ट के जरिए रजिस्ट्रार, आईआईटी (बीएचयू), वाराणसी के पते पर भेजना भी अनिवार्य होगा।
आईआईटी (बीएचयू) प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि आवेदन करने से पहले भर्ती विज्ञापन में दिए गए सभी पात्रता मानदंड, आयु सीमा, अनुभव और अन्य शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें, ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। इच्छुक उम्मीदवार अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
