जापान से IIT BHU का बड़ा करार, छात्रों को मिलेंगे इंटरनेशनल प्लेसमेंट और इंटर्नशिप के अवसर
वाराणसी। IIT BHU के छात्र-छात्राओं के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करियर के नए अवसर खुलने जा रहे हैं। जापान की टैलेंडी होल्डिंग्स और आईआईटी बीएचयू के बीच बुधवार को एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत संस्थान के विद्यार्थियों को जापान और अन्य अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में इंटर्नशिप और नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
समझौते के तहत जापान की टैलेंडी की ओर से आईआईटी बीएचयू और उसके विद्यार्थियों को टैलेंडी पोर्टल का निशुल्क एक्सेस दिया जाएगा। इस पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थी प्लेसमेंट, नौकरी, इंटर्नशिप, हैकाथॉन और उभरती तकनीकों से जुड़े अवसरों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिलेगा मंच
आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि टैलेंडी पोर्टल विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि संस्थान ऐसे सार्थक औद्योगिक संबंध विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो विद्यार्थियों के वैश्विक करियर को नई दिशा देने में मदद करें।
एक ही पोर्टल पर इंटर्नशिप और रोजगार के अवसर
टैलेंडी पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों को इंटर्नशिप और रोजगार से जुड़े अवसर एक ही मंच पर मिल सकेंगे। आवेदन से लेकर इंटर्नशिप और संभावित प्री-प्लेसमेंट ऑफर (PPO) तक की प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने में प्लेटफॉर्म की भूमिका होगी।
टैलेंडी, आईआईटी बीएचयू के साथ मिलकर इंटर्नशिप प्रक्रिया में पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित करेगा। वहीं, पोर्टल की कार्यप्रणाली संस्थान की प्लेसमेंट नीतियों और दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की जाएगी।
जापान के वित्त मंत्रालय और दूतावास का सहयोग
MoU पर हस्ताक्षर के दौरान आईआईटी बीएचयू के डीन (आरएंडडी) प्रो. राजेश कुमार, प्लेसमेंट सेल के प्रो. सुशांत श्रीवास्तव समेत टैलेंडी के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी नाओताका निशियामा और निदेशक (पब्लिक अफेयर्स) एई मिनामिजाकी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
