Movie prime

QS एशिया रैंकिंग में IIT-BHU की बड़ी छलांग, 18 स्थान ऊपर पहुंचकर हासिल की 219वीं रैंक; दक्षिण एशिया में भी सुधरी स्थिति
 

 
QS एशिया रैंकिंग में IIT-BHU की बड़ी छलांग, 18 स्थान ऊपर पहुंचकर हासिल की 219वीं रैंक; दक्षिण एशिया में भी सुधरी स्थिति
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी बीएचयू) ने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स एशिया 2027 में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी स्थिति मजबूत की है। संस्थान ने पिछले वर्ष के मुकाबले 18 स्थानों की छलांग लगाकर एशिया के सर्वश्रेष्ठ उच्च शिक्षण संस्थानों की सूची में 219वां स्थान हासिल किया है। पिछले वर्ष आईआईटी बीएचयू 237वें स्थान पर था। वहीं, दक्षिण एशिया रैंकिंग में भी संस्थान ने 11 स्थानों का सुधार करते हुए 49वें से 38वें स्थान पर अपनी जगह बनाई है।

क्यूएस की ओर से जारी एशिया रैंकिंग में कुल 1,722 उच्च शिक्षण संस्थानों को शामिल किया गया है। इनमें भारत के 325 संस्थान शामिल हैं। बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बावजूद आईआईटी बीएचयू ने शोध, शैक्षणिक प्रतिष्ठा और नियोक्ताओं के बीच अपनी पहचान के आधार पर रैंकिंग में सुधार दर्ज किया है।

शोध और अकादमिक प्रतिष्ठा में भी बेहतर प्रदर्शन

संस्थान की रैंकिंग समिति के उपाध्यक्ष प्रो. विकास कुमार दुबे ने बताया कि आईआईटी बीएचयू ने विभिन्न मूल्यांकन मानकों पर उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रति संकाय शोध पत्र के मानक में संस्थान तीन स्थान ऊपर चढ़कर 18वें स्थान पर पहुंच गया है।

इसके अलावा, नियोक्ता प्रतिष्ठा (Employer Reputation) के क्षेत्र में संस्थान ने 50 स्थानों का सुधार करते हुए 163वां स्थान हासिल किया है। वहीं, अकादमिक प्रतिष्ठा (Academic Reputation) के मानक में 57 स्थानों की छलांग लगाकर 234वीं रैंक प्राप्त की है।

नवाचार और वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देने पर जोर

आईआईटी बीएचयू के निदेशक एवं संस्थान रैंकिंग समिति के अध्यक्ष प्रो. अमित पात्रा ने इस उपलब्धि पर कहा कि एशिया और भारत के उच्च शिक्षण संस्थानों की बढ़ती भागीदारी के बीच आईआईटी बीएचयू ने अपनी स्थिति को और मजबूत किया है।

उन्होंने बताया कि संस्थान नवाचार, उच्च प्रभाव वाले शोध और वैश्विक उद्योग जगत के साथ सहयोग को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। शोध क्षमताओं को मजबूत करने के साथ अंतरराष्ट्रीय और औद्योगिक साझेदारियों के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

वैश्विक स्तर पर मजबूत हो रही आईआईटी बीएचयू की पहचान

आईआईटी बीएचयू की रैंकिंग में सुधार संस्थान की बढ़ती शैक्षणिक और शोध क्षमताओं को दर्शाता है। विशेष रूप से नियोक्ता प्रतिष्ठा और अकादमिक प्रतिष्ठा जैसे महत्वपूर्ण मानकों में प्रगति से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संस्थान की पहचान मजबूत हुई है।

संस्थान प्रशासन का कहना है कि आने वाले समय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अत्याधुनिक अनुसंधान, नवाचार और उद्योग जगत के साथ सहयोग को और विस्तार दिया जाएगा, ताकि वैश्विक उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आईआईटी बीएचयू अपनी स्थिति को और बेहतर बना सके।