Movie prime

मुगलसराय में 50 साल पुरानी मस्जिद का अवैध हिस्सा हटना शुरू, प्रशासन ने दिया था अल्टीमेटम

डीडीयू नगर (मुगलसराय) में करीब 50 साल पुरानी मस्जिद के अवैध हिस्से को हटाने की कार्रवाई शुरू हो गई है। प्रशासन के अनुसार मस्जिद का हिस्सा PWD और रेलवे की जमीन पर बना था। 10 दिन का नोटिस खत्म होने के बाद स्थानीय लोग खुद निर्माण हटाने में जुटे हैं।

 
मुगलसराय
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

चंदौली: चंदौली के डीडीयू नगर (मुगलसराय) में करीब 50 साल पुरानी एक मस्जिद के अवैध हिस्से को हटाने की कार्रवाई गुरुवार से शुरू हो गई। प्रशासन के मुताबिक मस्जिद का एक हिस्सा लोक निर्माण विभाग (PWD) और दूसरा हिस्सा रेलवे की जमीन पर बना हुआ था। प्रशासन के निर्देश के बाद अब स्थानीय लोग खुद अवैध निर्माण हटाने में जुट गए हैं, ताकि आगे किसी सख्त कार्रवाई से बचा जा सके।

मस्जिद के गुंबद पर चढ़कर शुरू की गई तोड़फोड़

गुरुवार को कार्रवाई के दौरान कुछ लोग मस्जिद के गुंबद पर चढ़कर अवैध हिस्से को तोड़ते दिखाई दिए। मौके पर भारी सुरक्षा व्यवस्था तैनात रही और प्रशासन की निगरानी में पूरा अभियान चलाया गया।

अधिकारियों का कहना है कि सरकारी जमीन को पूरी तरह खाली कराया जाएगा और किसी भी तरह का अवैध कब्जा नहीं रहने दिया जाएगा।

10 दिन पहले दिया गया था नोटिस

एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि मस्जिद प्रबंधन और स्थानीय लोगों को पहले ही 10 दिन का अल्टीमेटम दिया गया था। प्रशासन ने साफ कहा था कि तय समय सीमा के भीतर अवैध निर्माण हटाकर जमीन खाली करनी होगी। समय पूरा होने के बाद अब कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सड़क चौड़ीकरण और जांच में सामने आया मामला

स्थानीय लोगों के अनुसार यह मस्जिद कई दशक पुरानी है। हालांकि सड़क चौड़ीकरण और भूमि जांच के दौरान पता चला कि इसका कुछ हिस्सा सरकारी जमीन पर बना हुआ है।

इसके बाद प्रशासन ने रिपोर्ट तैयार कर अवैध हिस्से को हटाने का फैसला लिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी तरह का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि पूरे क्षेत्र में भूमि की जांच जारी है और जहां भी अवैध कब्जे मिलेंगे, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।