वाराणसी में IMA का चुनाव 13 दिसंबर को, करीब 2,500 डॉक्टर चुनेंगे नई कार्यकारिणी
वाराणसी। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की वाराणसी शाखा की नई कार्यकारिणी के लिए 13 दिसंबर को मतदान होगा। चुनाव में शाखा के करीब 2,500 डॉक्टरों को वोट देने का अधिकार होगा। गुरुवार को हुई आम सभा में डॉ. अजीत सैगल को सर्वसम्मति से चुनाव अधिकारी नामित किया गया।
दो से तीन दिनों में जारी होगा चुनाव कार्यक्रम
डॉ. सैगल अगले दो से तीन दिनों में विस्तृत चुनाव कार्यक्रम जारी करेंगे। इसमें नामांकन और नाम वापसी की तारीखों के साथ मतदान की जानकारी दी जाएगी। चुनाव की तारीख तय होते ही सचिव, उपाध्यक्ष और सामाजिक सचिव समेत विभिन्न पदों के संभावित उम्मीदवारों ने साथी डॉक्टरों से संपर्क शुरू कर दिया है। नामांकन के बाद साफ होगा कि किस पद पर कौन मैदान में है।
बैठक में भवन निर्माण और रक्त बैंक के विस्तार की जानकारी दी
आम सभा में शाखा अध्यक्ष डॉ. अनुराग टंडन ने अतिथियों का स्वागत किया और अपने कार्यकाल में हुए कामों की जानकारी दी। शाखा सचिव डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी ने आईएमए के सात मंजिला भवन के निर्माण और रक्त बैंक के विस्तार का ब्योरा रखा। बैठक में अध्यक्ष निर्वाचित प्रो. मनोज श्रीवास्तव, डॉ. भानुशंकर पांडेय, डॉ. शालिनी टंडन, पूर्व अध्यक्ष डॉ. पीके तिवारी और डॉ. एसपी सिंह समेत कई चिकित्सक मौजूद रहे।
