समीक्षा बैठक में CM सख्त- श्रद्धालुओं से दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं, मणिकर्णिका-हरिश्चंद्र घाट निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान सर्किट हाउस सभागार में विकास कार्यों, निर्माण परियोजनाओं और कानून व्यवस्था की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्य तय समयसीमा और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंदिरों में श्रद्धालुओं के साथ हो सम्मानजनक व्यवहार
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से धार्मिक स्थलों की व्यवस्थाओं पर जोर दिया। उन्होंने पुलिस और मंदिर प्रशासन को निर्देश दिया कि दर्शनार्थियों के साथ हर हाल में शालीन और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर में बनी दुकानों तक श्रद्धालुओं की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने और वहां बिकने वाली वस्तुओं के दाम वाजिब रखने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि धार्मिक संस्थाएं कमाई का माध्यम नहीं, बल्कि आस्था का केंद्र हैं, इसलिए व्यवस्थाएं श्रद्धालु-हित में हों।
रोप-वे, घाट और धरोहरों पर विशेष ध्यान
गोदौलिया में निर्माणाधीन रोप-वे स्टेशन के कार्य में तेजी लाने और यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट पर चल रहे निर्माण कार्यों में मैनपावर बढ़ाकर गति देने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि घाटों और मंदिरों के आसपास निर्माण कार्य के दौरान किसी भी ऐतिहासिक धरोहर को क्षति नहीं पहुंचनी चाहिए। विरासत संरक्षण हर हाल में प्राथमिकता हो।
बुनियादी सुविधाओं और स्वच्छता पर जोर
अमृत-2 योजना के तहत सीवरेज और पेयजल परियोजनाओं को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता पर कराने और विद्युत तारों की अंडरग्राउंड केबलिंग मानक के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए।

शहर की स्वच्छता को और प्रभावी बनाने के लिए मशीनों के उपयोग पर बल देते हुए वेंडिंग जोन, कान्हा उपवन और स्ट्रीट डॉग सेंटर विकसित करने की बात कही गई। दालमंडी सड़क चौड़ीकरण कार्य को उचित मुआवजा देकर शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
कानून व्यवस्था पर सख्ती
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक गतिविधियां केवल संबंधित स्थल परिसर में ही हों, नई परंपराओं की अनुमति नहीं दी जाएगी। सड़कों पर अतिक्रमण, तेज आवाज वाले साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न पर रोक सुनिश्चित करने को कहा गया।
अवैध और जहरीली शराब की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने तथा कोडिन कफ सिरप के अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के साथ-साथ यदि कोई पुलिसकर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई होगी।
होली और आगामी पर्वों को लेकर अलर्ट
आगामी होली और अन्य पर्वों को देखते हुए जिले में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, सड़क सुरक्षा को लेकर नियमित बैठकें करने और जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए गए।
17 हजार करोड़ की 74 परियोजनाएं प्रगति पर
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद में करीब 17 हजार करोड़ रुपये की लागत से 74 विकास परियोजनाएं संचालित हैं, जिनकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।
बैठक में मंडलायुक्त द्वारा प्रस्तावित परियोजनाओं पर प्रस्तुतीकरण दिया गया, वहीं पुलिस अधिकारियों ने कानून व्यवस्था, साइबर अपराध और अवैध गतिविधियों पर की जा रही कार्रवाई की जानकारी साझा की।
बैठक में जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
