Movie prime

वाराणसी में डिप्टी CM ब्रजेश पाठक की स्वास्थ्य अधिकारियों को सख्त हिदायत, बोले- हर पात्र तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की सभी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

बुधवार को वाराणसी स्थित सर्किट हाउस में आयोजित स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में डिप्टी सीएम ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों की स्थिति की जानकारी ली और अधिकारियों को योजना का व्यापक लाभ लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान ब्रजेश पाठक ने राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, बच्चों के नियमित टीकाकरण तथा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) वैक्सीन से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आभा आईडी (ABHA ID) की प्रगति पर लगातार अपडेट रहने के निर्देश दिए। साथ ही ई-कवच पोर्टल और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में वाराणसी के मेयर अशोक तिवारी, अपर निदेशक (स्वास्थ्य) डॉ. एन.डी. शर्मा, डॉ. आर.वी. कमल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मुकेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों के सीएमएस मौजूद रहे।