वाराणसी में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बांटे सरसों मिनीकिट, ई-लॉटरी से हुआ चयन
वाराणसी। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को काशी विद्यापीठ विकासखंड में बहुद्देशीय सेवा शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान ई-लॉटरी के माध्यम से चयनित किसानों शुद्धू राम, रविशंकर, मोती, राजेंद्र समेत अन्य किसानों को सरसों मिनीकिट वितरित किए गए।

यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य जनसेवा और किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, भाजपा जिला अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, कृषि विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसानों को संबोधित करते हुए मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं।
सरकार किसानों को उन्नत तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीज और जरूरी कृषि निवेश उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है, ताकि खेती का उत्पादन और उत्पादकता दोनों बढ़ाई जा सकें। उन्होंने किसानों से आधुनिक और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के साथ-साथ सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
