Movie prime

दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती में शामिल हुए भारतीय क्रिकेटकर वाशिंगटन सुंदर, बोले- अद्भुत अनुभव

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पहुंचे, जहां उन्होंने मां गंगा की भव्य आरती में भाग लिया। गंगा सेवा निधि ने पारंपरिक स्वागत किया। क्रिकेटर ने अपने अनुभव को अद्भुत बताते हुए काशी की आध्यात्मिकता की सराहना की।

 
वाशिंगटन सुंदर
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी : भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ी वाशिंगटन सुंदर गुरुवार को वाराणसी पहुंचे और विश्व प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर आयोजित मां गंगा की भव्य आरती में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने वैदिक विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर मां गंगा का आशीर्वाद लिया।

गंगा सेवा निधि द्वारा आयोजित होने वाली विश्वप्रसिद्ध गंगा आरती में शामिल होकर वाशिंगटन सुंदर आध्यात्मिक वातावरण में पूरी तरह रंगे नजर आए। आरती के दौरान वह मंत्रोच्चार और दीपों की अलौकिक छटा को निहारते हुए भाव-विभोर दिखे। उन्होंने करीब एक घंटे तक पूरे आयोजन का आनंद लिया।

परंपरागत तरीके से हुआ स्वागत

इस अवसर पर गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा, कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी और सचिव हनुमान यादव ने वाशिंगटन सुंदर का पारंपरिक स्वागत किया। उन्हें अंगवस्त्र, रुद्राक्ष की माला और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया।

विजिटर बुक में लिखा- ‘अद्भुत अनुभव’

वाशिंगटन सुंदर ने गंगा सेवा निधि की विजिटर बुक में अपने अनुभव साझा करते हुए लिखा कि काशी का यह आध्यात्मिक अनुभव “अद्भुत” है और यहां बार-बार आने का मन करता है।

वाशिंगटन सुंदर भारतीय क्रिकेट टीम के प्रमुख ऑलराउंडर हैं, जो बाएं हाथ से बल्लेबाजी और दाएं हाथ से ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते हैं। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत श्रीलंका के खिलाफ वनडे मुकाबले से की थी। चेन्नई, तमिलनाडु में जन्मे वाशिंगटन सुंदर भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारों में गिने जाते हैं और देश-विदेश में अपनी शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए जाने जाते हैं।