Movie prime

कोलकाता में खराब मौसम के चलते वाराणसी डायवर्ट हुई इंडिगो की फ्लाइट, आधे घंटे तक आसमान में लगाती रही चक्कर

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। कोलकाता में खराब मौसम के कारण सोमवार को इंडिगो एयरलाइंस की गुवाहाटी-कोलकाता फ्लाइट को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। विमान में 100 से अधिक यात्री सवार थे। वाराणसी पहुंचने के बाद यात्रियों को करीब डेढ़ घंटे तक विमान के भीतर ही इंतजार करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E6729 सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे गुवाहाटी से कोलकाता के लिए रवाना हुई थी। निर्धारित समय के अनुसार विमान दोपहर करीब 2:15 बजे कोलकाता हवाई क्षेत्र में पहुंच गया, लेकिन उस समय शहर में तेज बारिश और खराब मौसम के कारण दृश्यता काफी कम थी। ऐसे में एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने विमान को लैंडिंग की अनुमति नहीं दी।

लैंडिंग की अनुमति मिलने की उम्मीद में विमान करीब 30 मिनट तक कोलकाता के आसमान में चक्कर लगाता रहा, लेकिन मौसम में सुधार नहीं होने पर एटीसी ने फ्लाइट को वाराणसी डायवर्ट करने का निर्णय लिया।

इसके बाद विमान शाम करीब 4 बजे वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। यहां यात्रियों को करीब डेढ़ घंटे तक विमान में ही बैठाए रखा गया। बाद में कोलकाता में मौसम सामान्य होने की सूचना मिलने पर शाम करीब 5:30 बजे विमान ने वाराणसी से दोबारा उड़ान भरी और कोलकाता के लिए रवाना हो गया।

इंडिगो एयरलाइंस के स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण एहतियातन फ्लाइट को वाराणसी डायवर्ट किया गया था। मौसम सामान्य होते ही विमान को अपने निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।