International Yoga Day 2026: काशी के 84 घाटों पर गूंजेगा योग का मंत्र, 15 से 21 जून को होगा मेगा योग आयोजन
वाराणसी। काशी एक बार फिर योग और स्वास्थ्य का वैश्विक संदेश देने के लिए तैयार है। 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इस बार योग दिवस की थीम "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" निर्धारित की गई है, जिसके तहत गंगा तट पर स्थित काशी के 84 घाटों पर योगाभ्यास के विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
योग दिवस के अवसर पर सबसे बड़ा आयोजन अस्सी घाट पर होगा, जबकि अन्य प्रमुख घाटों पर भी एक साथ सामूहिक योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन का लक्ष्य इस कार्यक्रम को जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन का स्वरूप देना है।
15 जून से शुरू होगा योग सप्ताह
मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 15 जून से 21 जून तक "योग सप्ताह" मनाया जाएगा। योग सप्ताह का औपचारिक शुभारंभ नमो घाट से किया जाएगा।
इस दौरान शहर के विभिन्न घाटों, सार्वजनिक स्थलों और संस्थानों में प्रतिदिन योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि योग सप्ताह का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
घाटों पर रोजाना होंगे विशेष योग सत्र
योग सप्ताह के दौरान अलग-अलग दिनों में अलग-अलग घाटों पर सामूहिक योगाभ्यास आयोजित किया जाएगा।
- 16 जून को राजघाट, पंचअग्नि घाट, रानीघाट, निषादघाट, नयाघाट, तेलियानाला घाट, सक्काघाट, गोलाघाट, बद्रीनारायण घाट, गायघाट, ब्रह्माघाट, शीतला घाट, बुंदी परकोटा घाट, दुर्गाघाट और बालाजी घाट पर कार्यक्रम होंगे।
- 17 जून को जटार घाट, राम घाट, अग्निश्वर घाट, गणेश घाट, मेहता घाट, भोषले घाट, गंगा महल घाट, संकठा घाट, सिंधिया घाट, ललिता घाट, मीर घाट, त्रिपुरा भैरवी घाट, मान मंदिर घाट, डॉ. आरपी घाट और दशाश्वमेध घाट पर योगाभ्यास कराया जाएगा।
- 18 जून को अहिल्याबाई घाट, मुंशी घाट, दरभंगा घाट, राणा घाट, चौसट्ठी घाट, द्विगपतिया घाट, पाण्डेय घाट, बबुआ पाण्डेय घाट, राजा घाट, नारद घाट, मानसरोवर घाट और क्षेमेश्वर घाट कार्यक्रमों के केंद्र होंगे।
- 19 जून को चौकी घाट, केदार घाट, विजयनगरम घाट, कर्नाटका स्टेट घाट, हनुमान घाट, डांडी घाट, गुलेरिया घाट, शिवाला घाट, निरंजनी घाट, प्रभु घाट, पंचकोट घाट और चेतसिंह घाट पर योग सत्र आयोजित किए जाएंगे।
- 20 जून को जैन घाट, वक्षराज घाट, आनंदमयी घाट, जानकी घाट, भदैनी घाट, तुलसी घाट, रीवा घाट, गंगा महल घाट-2, रविदास घाट, अस्सी नया घाट और महानिर्वाणी घाट पर योग कार्यक्रम होंगे।
अस्सी घाट से लेकर गांवों तक योग का विस्तार
क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि केवल घाटों तक ही योग कार्यक्रम सीमित नहीं रहेंगे। गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल, श्री काशी विश्वनाथ धाम, सारनाथ, नगर निगम के पार्क, आयुष चिकित्सालय, विश्वविद्यालय, कॉलेज, स्कूल और ग्राम पंचायत भवनों में भी बड़े स्तर पर योग सत्र आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में योग को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक ग्रामसभा से युवक मंगल दल के एक पुरुष सदस्य और महिला मंगल दल की एक महिला सदस्य को कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ये प्रशिक्षित सदस्य गांवों में जाकर लोगों को नियमित योगाभ्यास कराएंगे और योग को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
21 जून को एक साथ होगा सामूहिक योग
योग सप्ताह के समापन पर 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अस्सी घाट सहित वाराणसी के सभी प्रमुख घाटों पर एक साथ सामूहिक योगाभ्यास आयोजित किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि गंगा तट पर हजारों लोगों का एक साथ योग करना न केवल स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश देगा, बल्कि काशी को वैश्विक योग राजधानी के रूप में नई पहचान भी प्रदान करेगा।
