बरेका में अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता का समापन, दोनों वर्गों में पश्चिम रेलवे बना चैं पियन
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के कुश्ती केंद्र में आयोजित 67वीं पुरुष अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता-2026-27 का गुरुवार को समापन हो गया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में पश्चिम रेलवे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रीको रोमन और फ्री स्टाइल दोनों वर्गों में ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। उत्तर रेलवे दूसरे और उत्तर पश्चिम रेलवे तीसरे स्थान पर रहा।
मेजबान बरेका के पहलवानों ने भी प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन किया और तीन रजत तथा दो कांस्य पदक अपने नाम किए। समापन समारोह में बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने विजेता टीमों और पदक विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
अंतिम दिन दिखे रोमांचक मुकाबले
प्रतियोगिता के अंतिम दिन विभिन्न भार वर्गों में पहलवानों ने अपने दांव-पेच और तकनीक से दर्शकों को रोमांचित किया। फ्री स्टाइल के 97 किलोग्राम भार वर्ग में पश्चिम रेलवे के प्रवीण कुमार ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि रेलवे सुरक्षा बल के हरदीप सिंह को रजत पदक मिला। पश्चिम मध्य रेलवे के राहुल राठी और उत्तर रेलवे के विक्की ने कांस्य पदक हासिल किया।
फ्री स्टाइल के 74 किलोग्राम भार वर्ग में पश्चिम रेलवे के सौरभ सहरावत ने स्वर्ण और उत्तर रेलवे के यश ने रजत पदक जीता। बरेका के मुन्ना यादव और उत्तर पश्चिम रेलवे के परविंदर ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
ग्रीको रोमन के 82 किलोग्राम भार वर्ग में उत्तर मध्य रेलवे के अमन ने स्वर्ण पदक जीता। पश्चिम रेलवे के रोहित दहिया को रजत, जबकि मध्य रेलवे के अंकित और उत्तर रेलवे के नीरज को कांस्य पदक मिला।
ग्रीको रोमन के 63 किलोग्राम भार वर्ग में उत्तर पश्चिम रेलवे के संदीप ने स्वर्ण, पश्चिम रेलवे के रुपिन ने रजत और मध्य रेलवे के चेतन ने कांस्य पदक जीता।
दोनों शैलियों में पश्चिम रेलवे का दबदबा
प्रतियोगिता के समग्र परिणामों में ग्रीको रोमन और फ्री स्टाइल दोनों वर्गों में पश्चिम रेलवे पहले स्थान पर रहा। उत्तर रेलवे ने दूसरा और उत्तर पश्चिम रेलवे ने तीसरा स्थान हासिल किया।
29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चली प्रतियोगिता में भारतीय रेल की 13 टीमों के पहलवानों ने हिस्सा लिया। फ्री स्टाइल और ग्रीको रोमन की कुल 20 भार श्रेणियों में मुकाबले आयोजित किए गए। प्रतियोगिता में ओलंपियन और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित पहलवानों की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र रही।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने कहा कि खेल शारीरिक क्षमता और कौशल के विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, समर्पण और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई दी।
समारोह में बरेका खेलकूद संघ के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न रेलवे टीमों के खिलाड़ी, प्रशिक्षक, निर्णायक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
