Movie prime

कैशलेस इलाज की शुरुआत, DBT से भेजी धनराशि; सीएम योगी बोले- बच्चों के भविष्य पर दें पूरा ध्यान
 

 
 कैशलेस इलाज की शुरुआत, DBT से भेजी धनराशि; सीएम योगी बोले- बच्चों के भविष्य पर दें पूरा ध्यान
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी से प्रदेश के शिक्षकों और उनके परिजनों को बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। बड़ालालपुर स्थित पंडित दीनदयाल हस्तकला संकुल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने योजना की शुरुआत करते हुए कहा कि प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षकों एवं उनके परिवारों को अब पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी। इस योजना में नियमित शिक्षकों के साथ शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के पात्र कार्मिकों को भी शामिल किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षकों के स्वास्थ्य की चिंता करती है और बिना किसी मांग के यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार की अपेक्षा केवल इतनी है कि शिक्षक बच्चों की पढ़ाई, विद्यालय की स्वच्छता और अनुशासन पर विशेष ध्यान दें।

उन्होंने बताया कि बेसिक शिक्षा परिषद के प्रत्येक छात्र के लिए 1200 रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई है और इस मद में 1320 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से अपील की कि वे प्रत्येक बच्चे को विद्यालय तक लाने और उसे निपुण भारत मिशन के तहत गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का संकल्प लें।

शिक्षकों को सामाजिक सुरक्षा का भी मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के साथ एक महत्वपूर्ण एमओयू भी किया गया। इसके तहत अस्थायी शिक्षकों सहित पात्र कर्मियों को 10 लाख रुपये तक का रिस्क कवर मिलेगा। इसमें जीवन बीमा, दुर्घटना बीमा, शारीरिक क्षति, बच्चों की शिक्षा और विवाह जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं भी शामिल होंगी।

उन्होंने कहा कि यह देश में अपनी तरह की अनूठी पहल है और सरकार शिक्षकों से केवल इतना चाहती है कि वे पूरी निष्ठा से बच्चों की शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करें।

शिक्षा से बदली उत्तर प्रदेश की पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था और लोगों को दूसरे राज्यों में पहचान के संकट का सामना करना पड़ता था, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के कारण प्रदेश के विकास को नई गति मिली है। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं अब समयबद्ध ढंग से संपन्न हो रही हैं और परिणाम भी शीघ्र घोषित किए जा रहे हैं।

शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला: संदीप सिंह

बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि शिक्षक केवल पढ़ाने का कार्य नहीं करता, बल्कि राष्ट्र निर्माण की नींव तैयार करता है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से शिक्षक परिवार कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मांग कर रहे थे, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरा कर दिया। उन्होंने कहा कि एसबीआई के साथ हुए एमओयू से शिक्षकों को जीवन बीमा, दुर्घटना बीमा और अन्य सामाजिक सुरक्षा लाभ भी प्राप्त होंगे।

ऐतिहासिक दिन है: गुलाब देवी

माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने इसे प्रदेश के शिक्षकों के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि अब शिक्षकों को इलाज के लिए आर्थिक चिंता नहीं करनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार हुए हैं और बोर्ड परीक्षाओं में नकल व पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगी है। उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट अलंकार, आईसीटी लैब और ड्रीम लैब जैसी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के विद्यालयों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।

विकसित उत्तर प्रदेश में शिक्षकों की अहम भूमिका: अनिल राजभर

मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए उत्तर प्रदेश को देश का सबसे विकसित प्रदेश बनाना होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमेशा शिक्षकों और शिक्षामित्रों के हितों का ध्यान रखा है और उनके मनोबल को मजबूत करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।