Movie prime

वाराणसी में निवेश की रफ्तार तेज, 24 हजार करोड़ से ज्यादा के प्रोजेक्ट; 125 परियोजनाएं हुईं ऑपरेशनल
 

 
 वाराणसी में निवेश की रफ्तार तेज, 24 हजार करोड़ से ज्यादा के प्रोजेक्ट; 125 परियोजनाएं हुईं ऑपरेशनल
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बन्धु एवं जनपदीय एमओयू क्रियान्वयन इकाई की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वाराणसी में निवेश, औद्योगिक परियोजनाओं और रोजगार की स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान जिले के औद्योगिक परिदृश्य में निवेश और रोजगार के क्षेत्र में उत्साहजनक प्रगति सामने आई।

बैठक में बताया गया कि वाराणसी में अब तक कुल 201 एमओयू के माध्यम से 24,187.92 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावित हैं। इनमें से 125 परियोजनाएं पूरी तरह ऑपरेशनल हो चुकी हैं, जिनमें करीब 9,180.12 करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है। वहीं, 25 परियोजनाओं पर वर्तमान में कार्य प्रगति पर है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निवेशकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निवेश से जुड़ी परियोजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और संबंधित विभाग निवेशकों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएं।

बैठक में निवेश मित्र पोर्टल की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक पोर्टल पर कुल 2,003 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 1,646 आवेदनों को स्वीकृति दी जा चुकी है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि पोर्टल पर प्राप्त प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित निस्तारण किया जाए।

डीएम ने वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) समेत अन्य विभागों को निवेशकों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने और उनकी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

इसके अलावा औद्योगिक आस्थान चांदपुर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा अनाधिकृत रूप से खड़े ट्रांसपोर्ट वाहनों, लोडिंग-अनलोडिंग करने वाले ट्रकों और ट्रैवल एजेंसियों की बसों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में सहायक पुलिस आयुक्त (मुख्यालय), कमिश्नरेट, उपायुक्त उद्योग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और उद्यमी उपस्थित रहे। उद्यमियों ने वाराणसी में बदलते निवेश माहौल और प्रशासन की ओर से मिल रहे सहयोग की सराहना की।