वाराणसी में जलालीपुरा अंडरपास जनता के लिए खुला, पांच लाख लोगों को जाम से मिलेगी राहत
वाराणसी I शहरवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। रेलवे ने कज्जाकपुरा रेल ओवरब्रिज के पास स्थित जलालीपुरा रेलवे क्रासिंग नंबर 24 पर बने नए डबल लेन अंडरपास को आम जनता के लिए खोल दिया है। इस अंडरपास के शुरू होने से शहर और वरुणापार क्षेत्र के करीब पांच लाख लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और लंबे समय से लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
वाराणसी सिटी और औड़िहार के बीच स्थित इस रेलवे क्रासिंग से प्रतिदिन 100 से अधिक ट्रेनें गुजरती हैं। अधिक ट्रैफिक के कारण अक्सर लोग घंटों तक क्रासिंग पर फंसे रहते थे, जिससे सड़क यातायात के साथ-साथ कई बार ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ता था। इस समस्या को देखते हुए रेलवे ने करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से डबल लेन अंडरपास का निर्माण कार्य लगभग एक वर्ष पहले शुरू कराया था, जो अब पूरा हो चुका है।
अंडरपास खुलने से जलालीपुरा, चुंगी, मड़िया, अमरपुर बटलोहिया, भरवटी, पंचकोसी, नवापुरा, शक्कर तालाब, सरैया, लाटभैरव और शैलपुत्री सहित आसपास के कई इलाकों के लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। खासतौर पर वरुणापार क्षेत्र की घनी आबादी को अब क्रासिंग पर लगने वाले जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा।
कज्जाकपुरा आरओबी के चालू होने के बावजूद जलालीपुरा रेलवे क्रासिंग पर जाम की समस्या बनी रहती थी, लेकिन अब इस अंडरपास के माध्यम से यातायात सुचारु होने की उम्मीद है। पंचक्रोशी, चंद्रा चौमुहानी, कपिलधारा, बलुआ, नक्खीघाट, अशोक विहार और पहड़िया की ओर जाने वाले वाहन भी इस मार्ग का उपयोग कर सकेंगे। डबल लेन व्यवस्था के कारण गोलगड्डा की ओर से आने वाले वाहन जीटी रोड की तरफ पहले अंडरपास से गुजरेंगे, जबकि जलालीपुरा की ओर से आने वाले वाहन सीधे क्रासिंग की दिशा में निकल सकेंगे। इस अंडरपास से चार पहिया वाहनों के साथ छोटे मालवाहक वाहन भी आसानी से गुजर सकेंगे।
अंडरपास की प्रमुख विशेषताएँ:
* कुल लंबाई: 270 मीटर
* कुल चौड़ाई: 38 फीट
* कुल ऊंचाई: 15 फीट
नए अंडरपास के चालू होने से अब रेलवे क्रासिंग नंबर 24 पर लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, साथ ही बनारस रेल मंडल से गुजरने वाली लगभग सौ ट्रेनों के संचालन में भी सुगमता आएगी।
