जनता दर्शन : DM ने सुनीं लोगों की फरियाद, अफसरों को बोले- शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं...
वाराणसी। कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनता दर्शन में जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने एक-एक कर लोगों की शिकायतों को गंभीरता से समझा और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जनता दर्शन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ परीक्षण किया जाए। शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे में किसी भी शिकायत के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
अधिकारियों को शिकायतकर्ता से सीधे संवाद स्थापित कर समस्या की वास्तविक स्थिति समझने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि जरूरत पड़ने पर अधिकारी शिकायतकर्ता से फोन पर संपर्क करें और संबंधित मामले की जानकारी लें। इसके साथ ही आवश्यकता के अनुसार मौके पर जांच कराकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण के बाद संबंधित फरियादी को भी कार्रवाई की जानकारी दी जाए, ताकि उसे अपने मामले की स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता दर्शन में प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की नियमित समीक्षा की जाएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी सामने आती है तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करें, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
