JEE Main 2026: गेल उत्कर्ष सुपर 80, वाराणसी की बेटियों का कमाल, लगातार दूसरी बार 100% रिजल्ट से इतिहास कायम
वाराणसी: शिक्षा में समान अवसर और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए गेल उत्कर्ष सुपर 80, वाराणसी ने एक बार फिर शानदार सफलता दर्ज की है। गेल (इंडिया) लिमिटेड की CSR पहल के तहत संचालित इस आवासीय कोचिंग केंद्र की सभी 30 छात्राओं ने JEE Main 2026 परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है। खास बात यह है कि यह लगातार दूसरा वर्ष है जब संस्थान ने 100 प्रतिशत परिणाम हासिल किया है।
इस वर्ष के परिणामों में कई छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इनमें 5 छात्राओं ने 95 पर्सेंटाइल से अधिक अंक प्राप्त किए हैं, जबकि जाहनवी गुप्ता ने 98.43 पर्सेंटाइल हासिल कर केंद्र में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। सभी सफल छात्राएं अब JEE Advanced के लिए पात्र हो गई हैं।

साल 2021 में स्थापित इस केंद्र का संचालन CSRI के सहयोग से किया जा रहा है। यहां 11 महीने की निःशुल्क आवासीय कोचिंग के तहत 30 छात्राओं को JEE और 50 छात्राओं को NEET की तैयारी कराई जाती है। चयन प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट के आधार पर होती है, जिसमें ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की छात्राओं को प्राथमिकता दी जाती है।
गौरतलब है कि इस पहल की शुरुआत वर्ष 2009 में कानपुर से हुई थी, जिसके बाद 2018 में हल्द्वानी तक इसका विस्तार किया गया। वाराणसी केंद्र गेल का पहला ऑल-गर्ल्स आवासीय कोचिंग सेंटर है, जहां से अब तक 121 छात्राएं लाभान्वित हो चुकी हैं। इनमें से 25 छात्राएं IIT, 33 NIT और 50 राज्य के सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में चयनित हो चुकी हैं।
यह पहल बेटियों को विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरी है। इस वर्ष की सफलता एक बार फिर यह साबित करती है कि यदि बेटियों को सही मार्गदर्शन, संसाधन और अवसर मिले, तो वे हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सकती हैं।
