वाराणसी कैंट स्टेशन पर 1.95 करोड़ की ज्वेलरी बरामद, सूरत के दो युवक हिरासत में; आयकर विभाग करेगा जांच
वाराणसी। सावन के मद्देनजर वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे विशेष सुरक्षा अभियान के दौरान राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त चेकिंग अभियान में करीब 1.95 करोड़ रुपये मूल्य की सोने की ज्वेलरी बरामद की गई है। मामले में सूरत निवासी दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए जीआरपी और आरपीएफ की टीम सघन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान दो युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में सोने की ज्वेलरी बरामद हुई। पूछताछ के दौरान दोनों युवक ज्वेलरी के स्वामित्व और उसके स्रोत से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ ने तत्काल आयकर विभाग को सूचना दी। आयकर विभाग की टीम को आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए बुलाया गया है। फिलहाल दोनों युवकों को जीआरपी थाने में बैठाकर पूछताछ की जा रही है।
आरपीएफ कैंट के इंस्पेक्टर संदीप यादव ने बताया कि बरामद ज्वेलरी की कीमत लगभग 1.95 करोड़ रुपये आंकी गई है। उन्होंने कहा कि आयकर विभाग की टीम पूरे मामले की विस्तृत जांच करेगी। जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि ज्वेलरी कहां से लाई गई थी, उसका वास्तविक मालिक कौन है और उसे किस स्थान पर ले जाया जा रहा था।
सावन के दौरान रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में संदिग्ध व्यक्तियों और सामान की लगातार जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
