नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा मौका, वाराणसी में 25 सितंबर को लगेगा रोजगार मेला
वाराणसी। शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाराणसी में 25 सितंबर को बृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, वाराणसी और कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) के संयुक्त तत्वावधान में यह रोजगार मेला ट्रेड फैसिलिटी सेंटर (TFC बिल्डिंग), चांदमारी, बड़ालालपुर में सुबह 10 बजे से आयोजित होगा।
मेले में देश के विभिन्न क्षेत्रों से कंपनियां हिस्सा लेंगी। एडुटेक, मैन्युफैक्चरिंग, बैंकिंग, टेक्सटाइल, ऑटोमोबाइल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर की कंपनियां विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर चयन करेंगी। इनमें एचआर मैनेजर, रिलेशनशिप मैनेजर, अप्रेंटिस, कलेक्शन ऑफिसर, रिलेशनशिप एग्जीक्यूटिव, असेंबली लाइन ऑपरेटर और प्रोडक्शन असिस्टेंट समेत कई पद शामिल हैं।
मेला प्रभारी दीप सिंह के अनुसार, विभिन्न पदों के लिए हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा और बीटेक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। कंपनियों की ओर से चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार करीब 2.20 लाख रुपये से लेकर 5.20 लाख रुपये तक का सालाना पैकेज ऑफर किया जाएगा।
रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक वाराणसी के युवक-युवतियों को अपने बायोडाटा के साथ सभी शैक्षिक दस्तावेजों की दो प्रतियां और चार पासपोर्ट साइज फोटो लेकर पहुंचना होगा। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों से किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा। ऐसे में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह विभिन्न कंपनियों में सीधे साक्षात्कार और रोजगार पाने का महत्वपूर्ण अवसर है।
