Movie prime

मार्कंडेय महादेव मंदिर पहुंचीं संयुक्त सचिव, मंदिर परिसर से पंचायत भवन तक परखी स्वच्छता व्यवस्था

भारत सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की संयुक्त सचिव ऐश्वर्या सिंह ने वाराणसी के कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, पंचायत भवन और अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 
मार्कंडेय महादेव मंदिर
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: भारत सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की संयुक्त सचिव एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की राष्ट्रीय मिशन निदेशक ऐश्वर्या सिंह ने रविवार को वाराणसी के कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर, संपर्क मार्गों, पंचायत भवन और ग्रामीण स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को साफ-सफाई और पेयजल सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

मार्कंडेय महादेव मंदिर में किया जलाभिषेक, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

कैथी पहुंचने पर संयुक्त सचिव ऐश्वर्या सिंह ने सबसे पहले भगवान मार्कंडेय महादेव का दर्शन-पूजन और जलाभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। संयुक्त सचिव ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता और मूलभूत सुविधाएं बेहतर होना बेहद जरूरी है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

महिलाओं से की सीधी बातचीत, पेयजल और शौचालय व्यवस्था पर लिया फीडबैक

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय महिलाओं से सीधे संवाद कर गांव में पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता व्यवस्था और शौचालयों के उपयोग से संबंधित जानकारी ली। महिलाओं से मिले सुझावों और फीडबैक के आधार पर उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान तभी सफल होगा, जब स्थानीय लोग भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएं।

संपर्क मार्ग और पंचायत भवन का भी किया निरीक्षण

संयुक्त सचिव ने मंदिर तक जाने वाले संपर्क मार्गों और आसपास के क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। इसके बाद ग्राम पंचायत कैथी के पंचायत भवन और सचिवालय का दौरा कर वहां संचालित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने पंचायत स्तर पर स्वच्छता और पेयजल योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर बल देते हुए अधिकारियों को नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा, दिए सख्त निर्देश

निरीक्षण के दौरान ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (SLWM) के तहत चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। संयुक्त सचिव ने अधिकारियों से कहा कि नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण और अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था प्रभावी ढंग से संचालित होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि मंदिर परिसर और सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।

इन अधिकारियों की रही मौजूदगी

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, उप निदेशक (पंचायत) समरजीत यादव और राघवेंद्र द्विवेदी, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक कुमार सिन्हा, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी राकेश सिंह सहित संबंधित विभागों के कई अधिकारी उपस्थित रहे।