काशी में VIP दर्शन का काला खेल! विश्वनाथ मंदिर के बाद काल भैरव मंदिर से 11 दलाल गिरफ्तार, श्रद्धालुओं से की थी मारपीट
वाराणसी के काल भैरव मंदिर में गुजरात से आए श्रद्धालु परिवार के साथ मारपीट और बुजुर्ग की हत्या की कोशिश के बाद पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। अमर उजाला की रिपोर्ट के बाद मंदिर परिसर में सक्रिय 11 दलाल गिरफ्तार किए गए। इससे पहले काशी विश्वनाथ धाम से 25 दलाल पकड़े गए थे।
वाराणसी: काल भैरव मंदिर में दर्शन कराने के नाम पर सक्रिय दलालों के नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। विगत दिनों, गुजरात से आए श्रद्धालु परिवार के साथ मारपीट और एक बुजुर्ग श्रद्धालु का गला दबाकर जान लेने की कोशिश के मामला सामना आया था। घटना के बाद मंदिर परिसर में सक्रिय दलालों के नेटवर्क का खुलासा होने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 11 दलालों को गिरफ्तार किया है।
श्रद्धालु परिवार के साथ मारपीट के बाद खुला नेटवर्क
जानकारी के मुताबिक गुजरात से वाराणसी दर्शन करने पहुंचे एक श्रद्धालु परिवार के साथ काल भैरव मंदिर परिसर में कथित तौर पर मारपीट की गई थी। आरोप है कि दर्शन कराने के नाम पर सक्रिय कुछ लोगों ने परिवार के साथ दुर्व्यवहार किया और एक बुजुर्ग श्रद्धालु का गला दबाकर जान लेने की कोशिश भी की।
घटना के बाद मामला गंभीर हो गया और मंदिर परिसर में सक्रिय कथित दलालों की भूमिका पर सवाल उठने लगे।
रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन
मामले के उजागर होने और मंदिर परिसर में सक्रिय बिचौलियों के नेटवर्क की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। वाराणसी पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर काल भैरव मंदिर के आसपास से 11 दलालों को गिरफ्तार किया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दर्शन कराने के नाम पर यह नेटवर्क कब से सक्रिय था और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पहले काशी विश्वनाथ धाम से भी पकड़े गए थे 25 दलाल
यह पहला मामला नहीं है जब वाराणसी के प्रमुख मंदिरों के आसपास दलालों पर कार्रवाई हुई हो। इससे पहले काशी विश्वनाथ धाम क्षेत्र में भी पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 25 दलालों को गिरफ्तार किया था।
इन लोगों पर श्रद्धालुओं को “VIP दर्शन” और “स्पर्श दर्शन” का झांसा देकर पैसे वसूलने के आरोप लगे थे। कई आरोपी पुजारी और स्थानीय सहयोगी बनकर श्रद्धालुओं को गुमराह कर रहे थे।
मंदिरों के बाहर सक्रिय ‘VIP दर्शन’ गैंग पर निगरानी तेज
लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद वाराणसी पुलिस अब मंदिरों के आसपास सक्रिय संदिग्ध लोगों पर निगरानी बढ़ा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और पारदर्शी दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस नेटवर्क में स्थानीय कर्मचारियों या अन्य लोगों की मिलीभगत तो नहीं थी।
श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और VIP दर्शन या विशेष प्रवेश के नाम पर पैसे मांगने वालों की तुरंत सूचना दें।
अधिकारियों का कहना है कि मंदिर प्रशासन और पुलिस मिलकर ऐसी गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई करेंगे ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
