काशी ने अपने सांसद को ऐसे दी बधाई! घाटों पर सफाई, मंदिरों में पूजा, अस्पतालों में सेवा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर वाराणसी में बीजेपी ने स्वच्छता अभियान, मंदिरों में पूजा-अर्चना, अस्पतालों और वृद्धाश्रमों में फल वितरण सहित कई जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए। शहर की तीनों विधानसभाओं में कार्यकर्ताओं ने सेवा और जनकल्याण का संदेश दिया।
वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाने पर भारतीय जनता पार्टी ने वाराणसी में सेवा, स्वच्छता और जनकल्याण से जुड़े विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया। महानगर की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छता अभियान चलाया, मंदिरों में पूजा-अर्चना की और अस्पतालों व वृद्धाश्रमों में फल वितरण कर सेवा का संदेश दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 जून 2026 को लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा कर देश के लोकतांत्रिक इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया। इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में भाजपा महानगर इकाई ने शहर के विभिन्न हिस्सों में कार्यक्रम आयोजित किए।

मलदहिया से शुरू हुआ स्वच्छता अभियान
शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के सेवा बस्ती मलदहिया में महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि और महापौर अशोक कुमार तिवारी के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके बाद हनुमान प्रसाद पोद्दार अंध महाविद्यालय में फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस मौके पर महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह कार्यकाल केवल राजनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके समर्पण का प्रमाण है। उनके नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है और विकास को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम किया है।
शास्त्री घाट से अस्पतालों तक सेवा कार्यक्रम
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल के नेतृत्व में शास्त्री घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। वहीं चौकाघाट स्थित राजकीय आयुर्वेद कॉलेज में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ के नेतृत्व में फल वितरण कार्यक्रम हुआ।
इसके अलावा महावीर मंदिर में आरती और हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में भर्ती मरीजों को फल वितरित कर उनका हालचाल जाना गया।
नमो घाट पर दिखी सेवा और स्वच्छता की झलक
शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी और भाजपा महानगर उपाध्यक्ष आत्मा विश्वेश्वर के नेतृत्व में नमो घाट पर स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया।
इसके बाद हठीले हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण किया गया। कबीरचौरा स्थित शिव प्रसाद गुप्त अस्पताल और दुर्गाकुंड के वृद्धाश्रम में फल वितरण कर लोगों का सम्मान किया गया।
अस्सी घाट और रामनगर में भी हुए विशेष कार्यक्रम
कैंट विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर, क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल और विधायक सौरभ श्रीवास्तव के नेतृत्व में अस्सी घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया।
इसके साथ ही तिलभांडेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की गई और भदैनी स्थित माता आनंदमयी अस्पताल तथा रामनगर के वृद्धाश्रम में फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा नेताओं ने मरीजों और बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम भी जाना।
सेवा के माध्यम से पीएम मोदी को सम्मान
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। उनके ऐतिहासिक कार्यकाल को सेवा और जनसंपर्क कार्यक्रमों के जरिए जनता के बीच पहुंचाने का प्रयास किया गया।
भाजपा महानगर इकाई के अनुसार इन कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल उपलब्धि का जश्न मनाना नहीं, बल्कि सेवा, स्वच्छता और समाज के प्रति जिम्मेदारी के भाव को मजबूत करना भी था। वाराणसी के विभिन्न हिस्सों में आयोजित इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए।
