स्वच्छता सर्वेक्षण में काशी का डंका! बेस्ट गंगा टाउन में देशभर में मिला तीसरा स्थान, सफाई मित्रों का हुआ सम्मान
वाराणसी: धर्म और संस्कृति की नगरी काशी ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक बार फिर अपनी पहचान मजबूत की है। स्वच्छता सर्वेक्षण में बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी के तहत देशभर में तीसरा स्थान हासिल करने पर नगर निगम में खुशी का माहौल देखने को मिला। इस उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए शुक्रवार को सिगरा स्थित नगर निगम मुख्यालय के सभागार में सम्मान समारोह और समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
कार्यक्रम में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले सफाई कर्मचारियों का सम्मान किया। उन्होंने सफाई मित्रों को अपने हाथों से मिठाई खिलाई और प्रशस्ति पत्र देकर उनके काम की सराहना की। इस दौरान महापौर ने कहा कि काशी को यह उपलब्धि सभी शहरवासियों, जनप्रतिनिधियों और नगर निगम के कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से मिली है।
उन्होंने कहा कि सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। उनकी मेहनत और समर्पण के बिना इस तरह की उपलब्धि हासिल करना संभव नहीं है। महापौर ने सभी से अपील की कि इस सफलता को मंजिल न मानकर आगे बढ़ने की प्रेरणा बनाएं और अगले स्वच्छता सर्वेक्षण में काशी को देश में पहला स्थान दिलाने के लिए मिलकर काम करें।
सम्मान समारोह के बाद आगामी वर्ष की स्वच्छता कार्ययोजनाओं को लेकर पार्षदों के साथ चर्चा हुई। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने, सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने और काशी की सुंदरता बढ़ाने के लिए जरूरी कदमों पर मंथन किया गया।
इस अवसर पर उपसभापति नरसिंह दास, पार्षद अशोक मौर्य, मदन मोहन तिवारी, बलिराम कन्नौजिया, संदीप रघुवंशी, सिंधु सोनकर, प्रमोद राय, सुरेश पटेल, मदन मोहन दुबे समेत कई पार्षद मौजूद रहे।
अब नगर निगम का लक्ष्य साफ है—तीसरे स्थान से आगे बढ़कर अगले साल स्वच्छता के मामले में काशी को देश का नंबर-1 शहर बनाना।
