Movie prime

काशी को मिला पूर्वांचल का पहला डाइविंग स्वीमिंग पूल, 300 तैराकों को मिलेगा प्रशिक्षण
 

 
 काशी को मिला पूर्वांचल का पहला डाइविंग स्वीमिंग पूल, 300 तैराकों को मिलेगा प्रशिक्षण
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। काशी के तीसरे स्वीमिंग पूल का संचालन आखिरकार डेढ़ महीने की देरी के बाद मंगलवार शाम से शुरू हो गया। बरेका परिसर में बने इस अत्याधुनिक स्वीमिंग पूल में अब प्रशिक्षु और प्रोफेशनल समेत करीब 300 तैराक दो अलग-अलग सत्रों में प्रशिक्षण ले सकेंगे। खास बात यह है कि यह पूर्वांचल का पहला ऐसा स्वीमिंग पूल है, जहां डाइविंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

आठ लेन वाले इस आधुनिक पूल में अब तैराकी प्रशिक्षण के साथ-साथ प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। लंबे समय से खिलाड़ी और तैराकी के शौकीन बरेका स्वीमिंग पूल के शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। मंगलवार देर शाम बरेका महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने पूल का उद्घाटन किया। इस दौरान उप महाप्रबंधक सागर, बरेका खेलकूद संघ के अवैतनिक महाप्रबंधक अनुराग गुप्ता और जनसंपर्क अधिकारी राजेश समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

बनारस में पहले से बीएचयू और सिगरा स्टेडियम के स्वीमिंग पूल संचालित हैं, लेकिन डाइविंग की सुविधा केवल बरेका के पूल में ही उपलब्ध है। बीएचयू के छोटे और बड़े दोनों पूल तथा सिगरा स्टेडियम के पूल में डाइविंग की सुविधा नहीं है।

बरेका स्वीमिंग पूल का एक सत्र 45 मिनट का निर्धारित किया गया है। खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए लाइफ गार्ड्स की तैनाती भी की गई है। महिलाओं और रेलकर्मियों के परिजनों के लिए विशेष सत्र निर्धारित किए गए हैं।

बाहरी लोगों के लिए 2140 रुपये शुल्क

जनसंपर्क अधिकारी राजेश ने बताया कि सफाई और टेस्टिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद पूल का संचालन शुरू किया गया है। रेलवे और बरेका कर्मचारियों के लिए मासिक शुल्क 160 रुपये रखा गया है। वहीं केंद्र और राज्य सरकार के कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को 1180 रुपये प्रतिमाह शुल्क देना होगा। बाहरी व्यक्तियों के लिए यह शुल्क 2140 रुपये प्रतिमाह तय किया गया है।

बीएचयू और सिगरा पूल की फीस भी जानिए

बीएचयू का स्वीमिंग पूल 15 मार्च से संचालित हो रहा है। यहां फॉर्म शुल्क 50 रुपये और पहचान पत्र के लिए भी 50 रुपये देने होते हैं। बीएचयू छात्रों के लिए मासिक शुल्क 400 रुपये है, जबकि साढ़े चार महीने के लिए 1600 रुपये और चार महीने के लिए 1500 रुपये शुल्क निर्धारित है। बीएचयू कर्मियों को साढ़े चार माह के लिए 2700 रुपये जमा करने होते हैं।

वहीं सिगरा स्टेडियम में तैराकी प्रशिक्षण के लिए प्रति माह 500 रुपये शुल्क लिया जाता है।

क्या बोले अधिकारी

बरेका महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने कहा कि स्वीमिंग पूल में प्रशिक्षण लेने वालों के लिए फॉर्म वितरण शुरू कर दिया गया है। इच्छुक लोग किसी भी कार्य दिवस में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक क्रीड़ाधिकारी कार्यालय से फॉर्म खरीद सकते हैं।