काशी सांसद प्रतियोगिता-2026 का ऐलान, खेल से रोजगार तक युवाओं को मिलेगा बड़ा मंच
Varanasi : काशी सांसद प्रतियोगिता-2026 के सफल आयोजन को लेकर गुरुवार को सर्किट हाउस में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगिताओं की रूपरेखा, आयोजन की तिथियां, प्रशासनिक तैयारियां और विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारियों का निर्धारण किया गया। इस वर्ष खेल, संस्कृति, कला, शिक्षा और रोजगार से जुड़े कार्यक्रमों का दायरा और अधिक विस्तृत किया गया है।
बैठक में भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि काशी की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच देने के उद्देश्य से प्रतियोगिताओं का व्यापक खाका तैयार किया गया है। पिछले वर्षों में मिली अभूतपूर्व सफलता और बढ़ती जनभागीदारी को देखते हुए इस बार आयोजनों को और अधिक भव्य बनाया जा रहा है।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने भरोसा दिलाया कि नगर निगम पिछले वर्षों की तरह इस बार भी आयोजन में पूरा सहयोग देगा। वहीं, गुजरात के पूर्व विधायक जगदीश पटेल और भाजपा जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल ने प्रतियोगिताओं को और प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव दिए।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने प्रतियोगिताओं की तिथियों और प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी दी, जबकि मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह को सभी कार्यक्रमों का नोडल अधिकारी बनाया गया।
प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम
स्केचिंग, पेंटिंग एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिता
- ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि: 14 अगस्त 2026
- ऑनलाइन राउंड: 3 से 14 अगस्त
- ऑफलाइन फाइनल: 19-20 अगस्त (सिगरा स्टेडियम)
काशी सांसद ज्ञान प्रतियोगिता (क्विज)
- पंजीकरण की अंतिम तिथि: 24 अगस्त
- प्रतियोगिता: 25 अगस्त से 3 सितंबर
- फाइनल: 2-3 सितंबर
काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव
- आयोजन: 14 से 24 सितंबर
- इस वर्ष गायन प्रतियोगिता में 'भजन' की नई श्रेणी जोड़ी गई है।
काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता
- आयोजन: 5 से 24 अक्टूबर
- 2 खेल, 5 आयु वर्ग और 400 से अधिक प्रतियोगिता स्थल निर्धारित किए गए हैं।
बाल कवि सम्मेलन एवं युवा संसद
- आयोजन: 2 से 18 नवंबर
- पहली बार विद्यालय एवं जिला स्तर पर युवा संसद का आयोजन होगा।
काशी सांसद रोजगार मेला
- पंजीकरण की अंतिम तिथि: 3 दिसंबर
- आयोजन: 4-5 दिसंबर
पहली बार होगी संस्कृत प्रतियोगिता
इस वर्ष पहली बार काशी सांसद संस्कृत प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। इसमें शास्त्रार्थ, संस्कृत आशुभाषण, संस्कृत कवि सम्मेलन, श्लोक एवं मंत्रोच्चारण तथा भगवद्गीता, रामचरितमानस और संस्कृत व्याकरण पर आधारित प्रश्नोत्तरी शामिल होगी।
संगठनात्मक जिम्मेदारियां घोषित
आयोजन को सफल बनाने के लिए भाजपा ने विभिन्न स्तरों पर संयोजकों और सह-संयोजकों की नियुक्ति की है। भाजपा महानगर वाराणसी के लिए आत्मा विश्वेश्वर को संयोजक बनाया गया है। विभिन्न जोनों और ब्लॉकों के लिए भी अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
बैठक में चंद्रशेखर उपाध्याय, प्रमील पांडेय, अवधेश राय सहित कई जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। आयोजन समिति ने काशीवासियों, शिक्षण संस्थानों और युवाओं से बड़ी संख्या में प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अपील की है।
