'भारत माता की जय' के जयघोष से गूंजी काशी, निकली भव्य तिरंगा यात्रा...बोले मंत्री स्वतंत्र देव सिंह- ‘तिरंगा भारत का स्वाभिमान
वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस से पहले वाराणसी देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। गुरुवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से डॉ. संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय तक भव्य ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ निकाली गई। प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने यात्रा का नेतृत्व किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में हिस्सा लिया।

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर से शुरू हुई यात्रा मलदहिया और लहुराबीर चौराहा होते हुए डॉ. संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय पहुंची। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंजता रहा। पीएसी और पुलिस बैंड की देशभक्ति धुनों ने माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया।
‘तिरंगा भारत की पहचान और स्वाभिमान’- स्वतंत्र देव सिंह
यात्रा में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि तिरंगा केवल कपड़े के तीन रंग नहीं हैं, बल्कि यह भारत की पहचान, स्वाभिमान, शक्ति और अटूट संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब तिरंगा हाथ में हो तो उन वीर जवानों को याद करना चाहिए, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
उन्होंने भारतीय सेना के साहस, वैज्ञानिकों की उपलब्धियों और खिलाड़ियों की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि देश का तिरंगा हर क्षेत्र में भारत की बढ़ती ताकत और प्रतिष्ठा का प्रतीक बन चुका है। चंद्रयान से लेकर मंगलयान और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं तक भारतीयों ने दुनिया के सामने देश का गौरव बढ़ाया है।

‘आज का युवा भारत का वर्तमान है’
मंत्री ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए कहा कि आज का युवा सिर्फ नौकरी तलाशने वाला नहीं है, बल्कि रोजगार देने की क्षमता भी रखता है। उन्होंने कहा कि युवा केवल भारत का भविष्य नहीं, बल्कि भारत का वर्तमान है।
स्वतंत्र देव सिंह ने युवाओं से विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब देश के सैनिक सीमा पर खड़े रहकर रक्षा कर सकते हैं, वैज्ञानिक नई ऊंचाइयां हासिल कर सकते हैं और खिलाड़ी दुनिया में तिरंगा फहरा सकते हैं, तो हर नागरिक को भी राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेना चाहिए।
रास्ते भर लोगों ने किया स्वागत
काशी की प्रमुख सड़कों से गुजर रही तिरंगा यात्रा को देखने के लिए जगह-जगह स्थानीय लोग भी जुटे। कई स्थानों पर लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। विद्यार्थियों के हाथों में लहराते तिरंगे और उनके चेहरों पर नजर आ रहा उत्साह स्वतंत्रता दिवस के प्रति लोगों की भावनाओं को बयां कर रहा था।
यात्रा के समापन पर भी लोगों में देशभक्ति का उत्साह बना रहा। कार्यक्रम के जरिए नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और देश की एकता, अखंडता एवं गौरव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने की अपील की गई।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत निकली इस यात्रा ने वाराणसी में जनभागीदारी की मजबूत तस्वीर पेश की। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया। काशी की सड़कों पर एक साथ लहराते तिरंगे और गूंजते देशभक्ति के नारों ने स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे शहर को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।
तिरंगा यात्रा में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, महापौर अशोक कुमार तिवारी, एलएलसी धर्मेंद्र सिंह, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, विधायक सुनील कुमार पटेल, विधायक टी. राम, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, जिला अध्यक्ष रामसकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के साथ मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, एडिशनल पुलिस आयुक्त शिव हरी मीणा, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।
