Movie prime

काशी सांसद टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता : निबंध से लेकर इंस्टाग्राम रील तक...460 प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा, 90 विजेता हुए सम्मानित

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

 

 

वाराणसी। काशी की सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत को युवाओं के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित "काशी सांसद टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता-2026" के तहत गुरुवार को 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग की जनपद स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन संत अटुलानंद कॉन्वेंट स्कूल, कोईराजपुर में किया गया। प्रतियोगिता में जिले भर से आए सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के श्रम, सेवायोजन एवं समन्वय मंत्री अनिल राजभर, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, विधायक त्रिभुवन राम, विधायक राहुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

...

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि काशी की विरासत को वैश्विक स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए प्रशिक्षित युवा टूरिस्ट गाइडों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल और पर्यटन के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करती हैं।

प्रतियोगिता के अंतर्गत निबंध लेखन, डिक्लेमेशन एवं प्रेजेंटेशन तथा इंस्टाग्राम रील मेकिंग जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी प्रतियोगिताओं के विषय काशी की पहचान से जुड़े रहे, जिनमें काशी के घाट, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, सारनाथ, काशी का इतिहास, त्योहार, हस्तशिल्प, धर्म, संत परंपरा, संगीत और खानपान प्रमुख रहे।

आंकड़ों की बात करें तो कुल 539 पंजीकृत प्रतिभागियों में से 460 प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। इनमें निबंध लेखन में 130, डिक्लेमेशन एवं प्रेजेंटेशन में 111 और इंस्टाग्राम रील मेकिंग में 219 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा तैयार की गई काशी की संस्कृति और पर्यटन पर आधारित रीलों को भी प्रदर्शित किया गया। चुलबुल राजभर, अनुश्री त्रिपाठी, रूबी जायसवाल, वैभव चौबे और अथर्व बरनवाल सहित कई प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों को अतिथियों और दर्शकों ने खूब सराहा।

प्रतियोगिता की तीनों विधाओं में निर्धारित 10-10 विषयों पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों सहित कुल 90 विजेताओं को पदक और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक और छात्र मौजूद रहे। करीब 1,350 दर्शकों की उपस्थिति के बीच पूरा आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। आयोजन समिति और सहयोगी संस्थाओं के समन्वित प्रयास से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।