काशी की विरासत और 10 साल के विकास को कैमरे और रंगों में उतारने का मौका, सांसद प्रतियोगिताओं के लिए आवेदन शुरू
काशी सांसद प्रतियोगिता 2026 के तहत फोटोग्राफी, स्केचिंग, पेंटिंग और टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं। काशी की विरासत, संस्कृति और पिछले 10 वर्षों के विकास पर आधारित इन प्रतियोगिताओं में सभी आयु वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे।
वाराणसी: काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहर और पिछले एक दशक में हुए विकास कार्यों को रचनात्मक माध्यमों से दुनिया के सामने लाने के लिए काशी सांसद फोटोग्राफी, स्केचिंग, पेंटिंग और टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रतियोगिताओं में काशी लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न आयु वर्ग के नागरिक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) प्रखर सिंह ने बताया कि फोटोग्राफी, स्केचिंग और पेंटिंग प्रतियोगिताएं दो चरणों में आयोजित होंगी। पहला चरण 3 अगस्त से 14 अगस्त तक ऑनलाइन होगा, जबकि चयनित प्रतिभागियों का ऑफलाइन फाइनल 19 और 20 अगस्त को सिगरा स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
दो श्रेणियों में होगी फोटोग्राफी प्रतियोगिता
फोटोग्राफी प्रतियोगिता को दो प्रमुख श्रेणियों में विभाजित किया गया है। पहली श्रेणी काशी में पिछले 10 वर्षों के विकास कार्यों पर आधारित होगी, जबकि दूसरी जनरल कैटेगरी होगी, जिसमें कुल 20 विषय शामिल किए गए हैं।
विकास श्रेणी से सर्वश्रेष्ठ 7 प्रतिभागियों और जनरल कैटेगरी की प्रत्येक थीम से 2-2 प्रतिभागियों का चयन फाइनल राउंड के लिए किया जाएगा।
11 विषयों पर दिखेगी कलाकारों की कल्पना
स्केचिंग और पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रतिभागी 11 अलग-अलग विषयों पर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इनमें काशी का जनजीवन, घाट, गंगा, मंदिर, ऐतिहासिक धरोहर, हस्तकला, काशी के व्यंजन, विभिन्न धर्मों की विरासत और पिछले 10 वर्षों का विकास प्रमुख विषय होंगे।
चार आयु वर्ग में मिलेगा प्रतिभागियों को मौका
स्केचिंग और पेंटिंग प्रतियोगिताएं चार आयु वर्गों में आयोजित होंगी-
11 वर्ष से कम
11 से 14 वर्ष
14 से 18 वर्ष
18 वर्ष से अधिक
वहीं, फोटोग्राफी प्रतियोगिता में काशी लोकसभा क्षेत्र के सभी आयु वर्ग के नागरिक भाग ले सकेंगे।
टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता के लिए रिकॉर्ड आवेदन
काशी सांसद टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता-2026 का आयोजन 16 जुलाई से 24 जुलाई तक किया जाएगा। इसमें काशी लोकसभा क्षेत्र के तीनों विकासखंड—काशी विद्यापीठ, आराजीलाइन, सेवापुरी तथा नगर निगम के सभी पांच जोन के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे।
सीडीओ के अनुसार, इस प्रतियोगिता के लिए अब तक 19,725 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 16,133 थी। इच्छुक युवा 15 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा
प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग आधिकारिक वेबसाइटें तैयार की गई हैं, जहां ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। प्रशासन का उद्देश्य काशी की कला, संस्कृति, पर्यटन और विकास को नई पीढ़ी की रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।
