Movie prime

काशी-तमिल संगमम 4.0: 2 से 15 दिसंबर तक काशी में गूंजेगी तमिल संस्कृति की स्वर लहरियां

 
 काशी-तमिल संगमम 4.0: 2 से 15 दिसंबर तक काशी में गूंजेगी तमिल संस्कृति की स्वर लहरियां
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी I प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना पर आधारित काशी तमिल संगमम 2025 (केटीएस 4.0) का आयोजन 2 दिसंबर से 15 दिसंबर तक होगा। कार्यक्रम का आरंभ काशी से होगा तथा समापन रामेश्वरम में। इस बार संगमम 'चलो तमिल सीखें - करपोम तमिल' की थीम पर आधारित होगा, जिसका उद्देश्य भारतीय भाषाओं की एकता को बढ़ावा देना और तमिल भाषा के ज्ञान को देश के अन्य हिस्सों में फैलाना है।

मंडलायुक्त एस राजलिंगम की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में आयोजित बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी आयोजन भव्य हो। तमिलनाडु से सात विभिन्न श्रेणियों—छात्र, शिक्षक, लेखक एवं मीडिया प्रतिनिधि, कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र, पेशेवर एवं शिल्पकार, महिलाएं तथा आध्यात्मिक विद्वान—में 1400 से अधिक प्रतिनिधि काशी आएंगे। प्रतिभागियों के स्टेशन से ठहरने के स्थलों, नमोघाट, बीएचयू आदि तक आने-जाने के लिए बसों/वाहनों का प्रबंध, होटलों के कमरों का सत्यापन, भोजन, सुरक्षा, चिकित्सा एवं हाइजीन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए। हेल्प डेस्क, नोडल अधिकारी तैनात करने, स्टाल्स, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं एकेडमिक सेशंस की तैयारी समय से पूरी करने को कहा गया।

इस बार दो नई पहलें शामिल हैं। पहली 'तमिल करपोम' के तहत उत्तर भारत के छात्रों को तमिलनाडु में तमिल सीखने का अवसर मिलेगा। दूसरी 'अगस्त्य एक्सपीडिशन' तेंकासी से काशी तक की यात्रा होगी, जो तमिलनाडु के राष्ट्रीय योगदान को उजागर करेगी। मंडलायुक्त ने भासनी (BHASHINI) ऐप के अधिकाधिक डाउनलोड पर जोर दिया, जो हिंदी को तमिल में रियल-टाइम अनुवाद करेगा।

यह दो सप्ताह का कार्यक्रम तमिलनाडु और काशी के सांस्कृतिक-बौद्धिक संबंधों को मजबूत करेगा। गौरतलब है कि संगमम की शुरुआत 2022 में हुई थी। पहला संस्करण (16 नवंबर-15 दिसंबर 2022) में 2500 से अधिक तमिल प्रतिनिधि वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या आए। दूसरा (17-30 दिसंबर 2023) नमो घाट पर पीएम मोदी ने उद्घाटन किया, जिसमें तमिल अनुवाद की सुविधा दी गई। तीसरा (15-24 फरवरी 2025) में ऋषि अगस्त्य की विरासत पर फोकस था, जिसमें 1000 तमिल प्रतिनिधि एवं 200 छात्र शामिल हुए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र, एडीएम प्रशासन विपिन कुमार, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, शिक्षा विभाग, आईआरसीटीसी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।