Movie prime

28 नवंबर से शुरू होगा काशी-तमिल संगम 5.0, काशी और तमिलनाडु के रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती

काशी तमिल संगमम् 5.0 का आयोजन 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक होगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने पंजीकरण पोर्टल शुरू किया है। जानें इस बार की थीम, तिरुक्कुरल से जुड़ा उद्देश्य, आयोजन में शामिल होने वाले प्रतिभागियों और आईआईटी मद्रास पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख के बारे में।

 
काशी-तमिल संगम 5.0
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Kashi Tamil Sangamam 5.0: काशी और तमिलनाडु के बीच प्राचीन सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से पांचवें काशी तमिल संगमम् (KTS 5.0) का आयोजन 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक किया जाएगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने गुरुवार को आयोजन की तारीखों का ऐलान करने के साथ ही इसके लिए पंजीकरण पोर्टल भी शुरू किया। इस बार संगमम् का मुख्य जोर शास्त्रीय तमिल ग्रंथ तिरुक्कुरल की नैतिक और चारित्रिक शिक्षाओं को देशभर के युवाओं तक पहुंचाने पर रहेगा।

'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को बढ़ावा देने पर जोर

केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि प्राचीन काल से ही भारत में सांस्कृतिक एकता की मजबूत परंपरा रही है। धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं के तहत लोग काशी और रामेश्वरम की यात्रा करते रहे हैं। यह देश के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाता है।

काशी तमिल संगमम् का उद्देश्य इसी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक जुड़ाव को और मजबूत करना तथा 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को बढ़ावा देना है। पहला काशी तमिल संगमम् वर्ष 2022 में आयोजित किया गया था। इसके बाद से यह आयोजन राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है।

विद्यार्थी, शिक्षक और कलाकार भी होंगे शामिल

काशी तमिल संगमम् 5.0 में विद्यार्थियों, शिक्षकों, लेखकों, मीडिया पेशेवरों, किसानों, कलाकारों, महिलाओं और आध्यात्मिक विद्वानों की भागीदारी होगी। विद्यार्थियों को इस आयोजन के उद्देश्यों और महत्व से परिचित कराने के लिए उच्च शिक्षण संस्थानों में शैक्षणिक जागरूकता से जुड़ी पहल भी की जाएंगी।

तिरुक्कुरल की शिक्षाओं पर आधारित होगी थीम

काशी तमिल संगमम् 5.0 की थीम “थिरुक्कुरल पेइलवोम” (तिरुक्कुरल अभ्यास करें) रखी गई है। इसका उद्देश्य शास्त्रीय तमिल ग्रंथ तिरुक्कुरल में निहित नैतिक मूल्यों और चरित्र निर्माण से जुड़ी शिक्षाओं को देशभर के युवाओं और शिक्षार्थियों तक पहुंचाना है।

13 नवंबर तक करा सकेंगे रजिस्ट्रेशन

काशी तमिल संगमम् 5.0 में भाग लेने के इच्छुक आवेदक 22 अक्टूबर से 13 नवंबर तक आईआईटी मद्रास के पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने आयोजन के लिए पंजीकरण पोर्टल की शुरुआत कर दी है। संगमम् का आयोजन 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक होगा।