गंदगी, जाम सीवर और मच्छरों से परेशान काशी! सपा ने नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
वाराणसी। बरसात के बाद शहर में जलभराव, जाम सीवर-नालियों और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को लेकर समाजवादी पार्टी ने नगर आयुक्त, वाराणसी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की। सपा के प्रदेश सचिव एवं अधिवक्ता राजू यादव ने आरोप लगाया कि जलभराव और गंदगी के कारण शहर में मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
ज्ञापन में कहा गया कि वाराणसी के कई वार्डों और मोहल्लों में बारिश के बाद सड़कों व गलियों में पानी जमा है। सीवर और नालियां जाम होने से आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह गंदा पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों की आशंका बनी हुई है।
राजू यादव ने नगर आयुक्त से जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल पंपिंग और जल निकासी की व्यवस्था कराने तथा आधुनिक जेटिंग मशीनों से सीवर और नालियों की युद्धस्तर पर सफाई कराने की मांग की। इसके अलावा प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले में नियमित फॉगिंग, कीटनाशक व एंटी-लार्वा दवाओं के छिड़काव और मच्छर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग भी की गई।
ज्ञापन में सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त दवाइयों, जांच सुविधाओं, चिकित्सकों और बेड की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराने पर भी जोर दिया गया।
राजू यादव ने कहा कि वाराणसी विश्व प्रसिद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। ऐसे में स्वच्छता, जल निकासी और जनस्वास्थ्य व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम को जलभराव, सीवर सफाई और मच्छर नियंत्रण के लिए स्थायी एवं प्रभावी कार्ययोजना बनानी चाहिए।
उन्होंने प्रत्येक वार्ड में जिम्मेदार अधिकारियों की नियुक्ति कर जलभराव, सफाई, फॉगिंग और सीवर व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही स्कूलों, अस्पतालों, बाजारों, धार्मिक स्थलों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सफाई एवं फॉगिंग अभियान चलाने की अपील की।
सपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो पार्टी बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
ज्ञापन देने वालों में हारून अंसारी, शंकर विशनानी, अतुल श्रीवास्तव, विकास यादव बच्चा, रमाकांत जायसवाल, मनोज यादव, संतोष यादव, अंजनी पटेल, सूरज यादव, नीलू भंडारी, विजय वाधवानी, आशीष श्रीवास्तव, शान केशरी, राहुल यादव सहित कई समाजवादी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
