Movie prime

काशी विद्यापीठ ने IIRF रैंकिंग में रचा इतिहास, UP में पहला, देश में 8वां स्थान हासिल किया
 

 
 काशी विद्यापीठ ने IIRF रैंकिंग में रचा इतिहास, UP में पहला, देश में 8वां स्थान हासिल किया
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ ने शिक्षा और खेल के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। भारतीय संस्थान रैंकिंग प्रणाली (आईआईआरएफ) द्वारा जारी ताजा वार्षिक रैंकिंग में विश्वविद्यालय को खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर देशभर में आठवां तथा उत्तर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त हुआ है।

विशेष बात यह है कि काशी विद्यापीठ एक गैर-स्पोर्ट्स (सामान्य) विश्वविद्यालय है, इसके बावजूद उसने खेल क्षेत्र के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्थानों को चुनौती देते हुए यह मुकाम हासिल किया है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि देशभर के उच्च शिक्षण संस्थानों में खेल गतिविधियों के प्रति जागरूकता तेजी से बढ़ रही है और काशी विद्यापीठ ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और विश्वविद्यालय प्रशासन के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

क्रीड़ा परिषद की सचिव डॉ. उर्जस्विता सिंह ने बताया कि आईआईआरएफ रैंकिंग में काशी विद्यापीठ से ऊपर जिन सात संस्थानों को स्थान मिला है, वे सभी विशुद्ध रूप से खेल संस्थान हैं। ऐसे में सामान्य विश्वविद्यालयों की श्रेणी में काशी विद्यापीठ देश का सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालय बनकर उभरा है।

गौरतलब है कि आईआईआरएफ हर वर्ष केंद्रीय, राज्य एवं निजी विश्वविद्यालयों की विभिन्न श्रेणियों में रैंकिंग जारी करता है। इस वर्ष खेल क्षेत्र में काशी विद्यापीठ ने उत्तर प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल कर प्रदेश का मान बढ़ाया है।

वर्ष 2025 के दौरान विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी, नॉर्थ ईस्ट जोन और ईस्ट जोन की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने 8 स्वर्ण, 14 रजत और 25 कांस्य पदकों सहित कुल 47 पदक जीतकर विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई।