48वें दीक्षांत के लिए काशी विद्यापीठ तैयार, कुलपति ने किया भूमि पूजन
Varanasi : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के 48वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 28 जुलाई को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, सिगरा में आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह से पहले सोमवार को कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने गांधी अध्ययन पीठ सभागार में विधि-विधान से भूमि पूजन किया। इसके बाद रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में समारोह का पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) कराया गया।
रिहर्सल की शुरुआत शिष्टमंडल यात्रा से हुई। इसके बाद सभी संकायाध्यक्षों और संस्थान निदेशकों ने अपने-अपने संकायों के स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मंच संचालन और उपाधि ग्रहण की प्रक्रिया का अभ्यास कराया। इस दौरान 20 छात्राओं और 6 छात्रों सहित कुल 26 मेधावी विद्यार्थियों तथा दो उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रतीकात्मक स्वर्ण पदक देकर पूर्वाभ्यास कराया गया।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस वर्ष 17 विद्यार्थियों को दो-दो स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में 49 पाठ्यक्रमों में 56 विद्यार्थियों ने सर्वोच्च अंक प्राप्त कर टॉप किया है।
दीक्षांत समारोह में कुल 63,183 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 49,659 स्नातक, 13,401 स्नातकोत्तर और 123 पीएचडी के विद्यार्थी शामिल हैं। कुल उपाधि प्राप्त करने वालों में 22,183 छात्र और 41,000 छात्राएं हैं।
इस अवसर पर तेलंगाना के श्री देवी हैंडलूम के संस्थापक वाई. श्रीधर राव को समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मानद डी.लिट. की उपाधि भी प्रदान की जाएगी।

48वें दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। समारोह के मुख्य अतिथि शिपिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के सीएमडी कैप्टन बी.के. त्यागी होंगे। वहीं, उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय अति विशिष्ट अतिथि और राज्य मंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने सभी आमंत्रित अतिथियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे समारोह में प्रवेश के लिए अपना दीक्षांत आमंत्रण पत्र अनिवार्य रूप से साथ लेकर आएं। विश्वविद्यालय ने बताया कि समारोह का सीधा प्रसारण उसके आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी किया जाएगा।
