काशी विद्यापीठ में शिक्षक दिवस पर विशेष कार्यक्रम, शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बताए सफलता के मंत्र
Varanasi : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में बी.ए. (ऑनर्स) मास कम्युनिकेशन के विद्यार्थियों की ओर से शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों के योगदान, विद्यार्थियों के जीवन में उनके मार्गदर्शन और शिक्षक दिवस के महत्व पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. नागेन्द्र पाठक ने कहा कि शिक्षक अपने अनुभव और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। डॉ. प्रभा शंकर मिश्र ने कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य की दिशा तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
डॉ. मनोहर लाल ने शिक्षक-विद्यार्थी संबंधों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ अनुशासन और निरंतर सीखने का आह्वान किया। वहीं डॉ. चन्द्रशील पाण्डेय ने कहा कि किसी भी शिक्षक और संस्था की पहचान उनके विद्यार्थियों से होती है। शिक्षक की सफलता और प्रतिष्ठा उसके छात्रों की उपलब्धियों से जुड़ी होती है।

डॉ. अजय वर्मा ने कहा कि शिक्षक अपने अनुभव और ज्ञान से विद्यार्थियों को सही दिशा दिखा सकता है, लेकिन उस मार्गदर्शन का अनुसरण करना विद्यार्थियों की जिम्मेदारी है। खुश्बू सिंह ने सफलता के लिए अनुशासन को जरूरी बताते हुए कहा कि अनुशासित विद्यार्थी ही जीवन में बेहतर मुकाम हासिल कर सकते हैं।
कार्यक्रम में बी.ए. (ऑनर्स) मास कम्युनिकेशन के विद्यार्थियों श्रवण कुमार, स्वेक्षा, हर्ष तिवारी, श्रेया जायसवाल, मुदित, आशीष तिवारी और अमित मौर्य ने भी अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम का संचालन गौरव और शुभांगी ने किया, जबकि ऋषभ ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर जय, सनी, उत्कर्ष, पीयूष, सानिया, कशिश, आकांक्षा, साजिया, मुस्कान समर सहित अन्य विद्यार्थी उपस्थित रहे।
