काशी विद्यापीठ में प्रवेश आवेदन की तिथि बढ़ी, अब 20 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन
Varanasi : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2026-27 में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी के आदेशानुसार विश्वविद्यालय के संबद्ध महाविद्यालयों, एनटीपीसी परिसर और गंगापुर परिसर में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है।
विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय ने बताया कि अब विद्यार्थी समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन प्रवेश आवेदन-पत्र 20 सितंबर 2026 तक भर सकेंगे। यह तिथि संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित पाठ्यक्रमों के लिए लागू होगी। हालांकि राजकीय पीजी कॉलेज, जक्खिनी में बीएससी एग्रीकल्चर को इससे बाहर रखा गया है।
इसी तरह एनटीपीसी परिसर तथा महाराजा (डॉ.) विभूति नारायण सिंह, गंगापुर परिसर में सत्र 2026-27 के सभी पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 20 सितंबर निर्धारित की गई है। गंगापुर परिसर में बीएससी एग्रीकल्चर और एमएससी एग्रीकल्चर पाठ्यक्रम इस विस्तार के दायरे में शामिल नहीं हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से निर्धारित तिथि से पहले समर्थ पोर्टल पर अपना ऑनलाइन आवेदन पूरा करने की अपील की है।
