काशी विद्यापीठ में रंगों की दुनिया सजी, ‘अनकहे ख्वाब’ ने जीता दिल
Varanasi : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के ललित कला विभाग स्थित आज़ाद आर्ट गैलरी में सोमवार को कला प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर कलाकार मोनिका गेरा की पुस्तक ‘अनकहे ख्वाब’ का भी विमोचन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रो. मंजुला चतुर्वेदी ने कहा कि ऐसे आयोजन कला और साहित्य के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण होते हैं, जो समाज में संवेदनशीलता और सृजनशीलता को बढ़ावा देते हैं।
इस मौके पर विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी के अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा और भारत कला भवन के पूर्व निदेशक प्रो. अजय कुमार सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि, कलाकार और साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने प्रदर्शनी में लगी कलाकृतियों का अवलोकन किया।

प्रदर्शनी में भावनात्मक और संवेदनशील विषयों पर आधारित चित्रकृतियां खास आकर्षण का केंद्र रहीं, जिन्हें दर्शकों ने सराहा। यह प्रदर्शनी 27 से 29 अप्रैल तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक आम दर्शकों के लिए खुली रहेगी।
कार्यक्रम का संचालन अंकिता खत्री नादान ने किया। इस दौरान मनीष खत्री, अनिल शर्मा, मानती शर्मा, रूबीर शरण, मनोज कर, मार्जित भास्कर, राजेंद्र कपूर, सचिन बत्रा, पुनीता मेहरोत्रा, संजना तिवारी और प्रतिमा सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।
