Movie prime

काशी विद्यापीठ में अवैध कब्जों पर बड़ी कार्रवाई, 35 कमरे खाली कराए गए
 

 
  काशी विद्यापीठ में अवैध कब्जों पर बड़ी कार्रवाई,  35 कमरे खाली कराए गए
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ प्रशासन ने छात्रावासों में बिना वैध आवंटन के रह रहे छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान नरेंद्र देव छात्रावास में विशेष कार्रवाई कर करीब 35 कमरों को खाली कराया गया और उन पर विश्वविद्यालय ने पुनः कब्जा स्थापित कर लिया।

जानकारी के अनुसार, लंबे समय से छात्रावास के कई कमरों में ऐसे छात्र रह रहे थे जिनके नाम पर आधिकारिक आवंटन नहीं था। मामले को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में यह अभियान चलाया।

विश्वविद्यालय के मुख्य अनुशासनाधिकारी (चीफ प्रॉक्टर) के.के. सिंह ने बताया कि छात्रावासों में केवल उन्हीं छात्रों को रहने की अनुमति है, जिन्हें विधिवत रूप से कमरा आवंटित किया गया है। उन्होंने कहा कि बिना आवंटन रह रहे छात्रों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और अन्य छात्रावासों में भी इसी तरह का अभियान चलाया जाएगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परिसर में अनुशासन बनाए रखना और छात्रावासों को अवैध कब्जों से मुक्त कराना प्राथमिकता है, ताकि पात्र छात्रों को उचित आवास सुविधा मिल सके। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।