PM मोदी के जन्मदिन पर काशी विद्यापीठ का बड़ा सेवा संकल्प, 76 टीबी मरीजों को मिली पोषण पोटली
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी में 76 टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई। अभियान का उद्देश्य टीबी मरीजों को उपचार के साथ आवश्यक पोषण और सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति श्री आनंद कुमार त्यागी ने 76 लाभार्थियों को पोषण पोटली प्रदान की। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षकगण और जिला क्षय रोग अधिकारी, वाराणसी डॉ. पीयूष राय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संपूर्ण समन्वय समाजशास्त्र विभाग के प्रोफेसर संजय कुमार ने किया।
कार्यक्रम के दौरान टीबी मरीजों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि उपचार के दौरान पर्याप्त पोषण स्वास्थ्य में सुधार और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखने में सहायक होता है। साथ ही मरीजों से टीबी की दवाओं का नियमित सेवन करने, उपचार बीच में न छोड़ने और चिकित्सक की सलाह के अनुसार आहार लेने की अपील की गई।

प्रोफेसर संजय कुमार ने बताया कि इस कार्य में विश्वविद्यालय के शिक्षक बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वितरित की जा रही पोषण पोटली स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार की गई है, जिससे अभियान में सामुदायिक भागीदारी और स्थानीय सहयोग को भी बढ़ावा मिल रहा है।
इस अवसर पर कुलपति श्री आनंद कुमार त्यागी ने टीबी मरीजों के प्रति समाज के सहयोग और संवेदनशीलता के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि टीबी के उपचार में दवा, पोषण और सामाजिक सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

कार्यक्रम के अंत में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय ने उपस्थित लोगों से टीबी मरीजों को उपचार एवं पोषण के लिए सहयोग देने, बीमारी के प्रति जागरूकता फैलाने तथा जनपद को टीबी मुक्त बनाने के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
