तिरंगे की आराधना से गूंजा काशी विश्वनाथ धाम, गणतंत्र दिवस पर नई पहल की शुरुआत
77वें गणतंत्र दिवस पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में ध्वजारोहण के बाद पहली बार ‘ध्वज वंदन समारोह’ आयोजित हुआ। भारत माता आराधना, तिरंगा थीम श्रृंगार और राष्ट्र सेवा का संकल्प इस आयोजन की विशेषता रहा।
वाराणसी: भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में इस वर्ष एक ऐतिहासिक और अभिनव पहल देखने को मिली। ध्वजारोहण के पश्चात् पहली बार ‘ध्वज वंदन समारोह’ का आयोजन किया गया, जिसने राष्ट्रभक्ति और सनातन परंपरा का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।
गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन प्रातः 08:30 बजे श्री काशी विश्वनाथ धाम स्थित प्रशासनिक कार्यालय नीलकंठ भवन में अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज का विधिवत ध्वजारोहण किया गया, जिसके पश्चात् राष्ट्रगान के साथ मातृभूमि को नमन किया गया।
उच्चाधिकारी रहे उपस्थित
ध्वजारोहण समारोह में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री विश्व भूषण, उप जिलाधिकारी श्री पवन प्रकाश, डिप्टी कलेक्टर श्री शम्भू शरण, नायब तहसीलदार श्री मिनी एल. शेखर सहित मंदिर न्यास के समस्त अधिकारीगण एवं कार्मिकगण उपस्थित रहे।

भारत माता आराधना और ध्वज वंदन
ध्वजारोहण के पश्चात्, विगत दो वर्षों से चली आ रही परंपरा के क्रम में धाम परिसर स्थित भारत माता की प्रतिमा पर भारत माता आराधना संपन्न हुई। इसके उपरांत इस वर्ष एक नवीन नवाचार के तहत भारत माता की प्रतिमा स्थल पर ही स्थापित राष्ट्रीय ध्वज की ध्वज वंदन आराधना की गई।
इस दौरान डमरू वादन, शास्त्रीगणों द्वारा स्वस्तिवाचन, तिरंगे पर पुष्पांजलि अर्पण तथा भारत माता और राष्ट्रीय ध्वज की विधिवत आरती संपन्न हुई। कार्यक्रम में अधिकारी, कर्मचारी और श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए और राष्ट्र की शांति, समृद्धि व अखंडता की कामना की।
गोष्ठी में लिया गया सेवा संकल्प
समारोह के पश्चात् धाम स्थित बोर्ड रूम में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, संप्रभुता और विकास को लेकर अपने विचार साझा किए। सभी ने यह संकल्प लिया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे तथा बाबा श्री काशी विश्वनाथ के आशीर्वाद से राष्ट्र सेवा में निरंतर योगदान देंगे।

आरती-श्रृंगार में दिखी तिरंगा थीम
गणतंत्र दिवस के अवसर पर धाम में होने वाले समस्त पूजन, आरती एवं श्रृंगार कार्यक्रमों में तिरंगा आधारित थीम मुख्य आकर्षण रही। सोमवारीय रुद्राभिषेक में अविमुक्तेश्वर महादेव का अभिषेक भी राष्ट्रीय ध्वज के साथ किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से गणतंत्र दिवस के इस पावन अवसर पर देशवासियों और श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की गईं तथा राष्ट्र की निरंतर उन्नति और कल्याण की कामना की गई।
