काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर पीएसी जवान की कार्बाइन गिरते ही चली गोली, 3 लोग घायल
वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4 के पास पीएसी जवान की कार्बाइन गिरने से मिसफायर हो गया। सड़क से उछले पत्थरों की चपेट में आकर तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वाराणसी: काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4 के बाहर शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ड्यूटी पर तैनात एक पीएसी जवान की कार्बाइन अचानक हाथ से छूटकर सड़क पर गिर गई और मिसफायर हो गया। घटना में गोली सीधे किसी व्यक्ति को नहीं लगी, लेकिन सड़क से उछले पत्थर और गिट्टियां आसपास खड़े तीन लोगों को जा लगीं, जिससे वे घायल हो गए।
कार्बाइन गिरते ही हुआ मिसफायर, सड़क से उछले पत्थरों ने किया घायल
जानकारी के मुताबिक, घटना शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे की है। काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4 पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पीएसी जवान की कार्बाइन अचानक उसके हाथ से फिसलकर सड़क पर गिर गई। गिरते ही हथियार से फायर हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोली सड़क पर लगी, जिसके बाद गिट्टी और छोटे पत्थर तेज रफ्तार से उछलकर आसपास मौजूद लोगों को जा लगे।
माला-फूल विक्रेता समेत तीन लोग घायल
इस हादसे में मंदिर क्षेत्र में माला-फूल का कारोबार करने वाले निक्की गुप्ता, रामबाबू और विकास यादव घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। इसके बाद तीनों को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बरकरार, जांच शुरू
मिली जानकारी के अनुसार, जिस जवान के कार्बाइन से दुर्घटनावश गोली चल गई है उनका नाम अमरनाथ चौहान है और वह 48वीं वाहिनी पीएसी के जवान है। घटना के तुरंत बाद मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और कार्बाइन के मिसफायर होने की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।
