KBC सीजन 16 की हॉटसीट पर बैठेंगे काशी के शिवांग पांडेय, 1 दिसंबर को प्रसारित होगा एपिसोड
वाराणसी। बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी एक बार फिर गौरवान्वित हुई है। घसियारी टोला, प्रहलाद घाट क्षेत्र के निवासी शिवांग पांडेय ने देश के सबसे प्रतिष्ठित क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC सीजन 16) में हॉटसीट पर जगह बनाकर पूरे वाराणसी का नाम रोशन कर दिया है।
प्रसिद्ध कर्मकांडी विद्वान स्व. पं. बैकुंठ नाथ पांडेय के सुपौत्र और श्री करुणाकर पांडेय के पुत्र शिवांग का एपिसोड सोमवार, 1 दिसंबर 2025 को रात 9 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन तथा सोनी LIV ऐप पर प्रसारित होगा।
KBC में चयन होने पर उत्साहित शिवांग ने कहा, “यह सब बाबा विश्वनाथ और अपने पूर्वजों की कृपा से ही संभव हुआ है। मेरे दादाजी स्व. पं. बैकुंठ नाथ पांडेय कर्मकांड के क्षेत्र में अत्यंत सम्मानित नाम थे। उनका और पूरे परिवार का आशीर्वाद मेरे साथ है। मैं सभी काशीवासियों से अनुरोध करता हूं कि 1 दिसंबर को एपिसोड जरूर देखें और अपना प्यार व आशीर्वाद दें।”
खबर फैलते ही घसियारी टोला और प्रहलाद घाट में खुशी की लहर दौड़ गई। पड़ोसी, रिश्तेदार और शुभचिंतक लगातार घर पहुंचकर बधाई दे रहे हैं। परिवार के लोग भी इसे बाबा विश्वनाथ की विशेष कृपा बता रहे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी काशी के कई प्रतिभागी KBC की हॉटसीट तक पहुंच चुके हैं। इसी सीजन में गोलघर के देवांग अग्रवाल (5-6 सितंबर 2024 को दिखाई दिए थे। साल 2019 में बनारस के छात्र अभिषेक कुमार ने 25 लाख रुपये जीते थे, वहीं 2022 में बाबतपुर एयरपोर्ट के सहायक महाप्रबंधक शानवेंद्र मिश्रा और 2018 में गुड़िया संस्था के अजीत सिंह (12.5 लाख रुपये जीत) ने भी काशी का परचम लहराया था।
अब एक पारंपरिक कर्मकांडी परिवार का प्रतिनिधि शिवांग पांडेय महानायक अमिताभ बच्चन के सामने बैठकर अपनी ज्ञान-यात्रा दिखाने जा रहा है। 1 दिसंबर की रात पूरे काशी की निगाहें टीवी स्क्रीन पर टिकी रहेंगी।
