हिमाचल के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कबीर प्राकट्य स्थल पर टेका मत्था, दशाश्वमेध घाट पर देखी भव्य गंगा आरती
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने वाराणसी में लहरतारा स्थित कबीर प्राकट्य स्थल पर मत्था टेककर संत कबीर को नमन किया। उन्होंने दशाश्वमेध घाट पर परिवार के साथ गंगा आरती भी देखी और इसे अपने लिए सौभाग्यपूर्ण अनुभव बताया।
वाराणसी: हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता रविवार को वाराणसी दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने लहरतारा स्थित संत कबीर प्राकट्य स्थल पर मत्था टेककर संत कबीरदास को नमन किया।
राज्यपाल ने कहा कि संत कबीरदास के विचार आज भी पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि इस पावन जन्मस्थली पर आकर उन्हें बेहद आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ। यह स्थान समाज में प्रेम, भाईचारे और समरसता का संदेश देता है।
डमरू वादन और पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत
कबीर प्राकट्य स्थल पहुंचने पर राज्यपाल का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। डमरू वादन और पुष्प वर्षा के साथ उनका अभिनंदन किया गया। इस मौके पर गोविंददास शास्त्री, सुमीत सिंह, विनय पांडेय और आशीष गुप्ता सहित कई लोग मौजूद रहे।
दशाश्वमेध घाट पर देखी गंगा आरती
वाराणसी प्रवास के दौरान राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने अपने परिवार के साथ दशाश्वमेध घाट पर आयोजित विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में भी भाग लिया। आरती के बाद उन्होंने गंगा सेवा निधि की विजिटर बुक में अपने अनुभव साझा करते हुए लिखा कि आज मां गंगा की आरती के दर्शन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
इस अवसर पर गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा, कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी, सचिव सुरजीत सिंह और सचिव हनुमान यादव ने राज्यपाल का स्वागत किया।
