ज्ञानवापी-मथुरा विवाद पर केशव मौर्य का बड़ा बयान, बोले- सत्य हमारे पक्ष में है तो जीत भी हमारी होगी
वाराणसी। रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में गुरुवार को आयोजित पंच सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाने के साथ-साथ ज्ञानवापी और मथुरा श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बन चुका है और विश्वनाथ मंदिर के बगल में मौजूद ढांचे का मामला अदालत में है। हमें भरोसा है कि सत्य की जीत होगी और बाबा विश्वनाथ का मंदिर भी रामलला मंदिर की तरह भव्य बनेगा।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “काशी में कॉरिडोर बन गया है, विश्वनाथ मंदिर के बगल में ढांचा खड़ा है। हम लोग वहां भी जाएंगे। अयोध्या की तरह अदालत में केस है, लेकिन हमें भरोसा है कि वहां भी मामला निपटेगा। सत्यम शिवम सुंदरम... सत्य हमारा है तो जीत भी हमारी होगी।”
मथुरा विवाद को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए केशव मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव आजकल राम भक्त बनने का दिखावा कर रहे हैं। अगर वह कृष्ण भक्त हैं तो उन्हें इसका दिखावा नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा, “अगर मुस्लिम वोट का मोह नहीं है तो अखिलेश यादव कहें कि कृष्ण मंदिर को तोड़कर जो ईदगाह बनाई गई है, उसे हटाओ। तब जाकर हम मानेंगे कि वह दिखावा नहीं करते।”
डिप्टी सीएम ने कहा कि मथुरा मंदिर के बगल में बनी ईदगाह के मामले पर भी काम जारी है। उन्होंने कहा कि देश के हर राम, कृष्ण और शिव भक्त को भरोसा है कि अंत में सत्य की जीत होगी। अदालत के माध्यम से ही सही, लेकिन एक दिन सभी अपनी आंखों से वहां भव्य मंदिर बनता हुआ देखेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि जल्द ही बाबा विश्वनाथ का मंदिर भी रामलला मंदिर की तरह भव्य रूप में नजर आएगा।
ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और उत्तराखंड के सैकड़ों ग्राम प्रधान शामिल हुए। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान, डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी, राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सम्मेलन में ग्राम पंचायतों की संस्थागत क्षमता, पारदर्शिता, जवाबदेही और नए ग्रामीण विकास कानून के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।
