राष्ट्रीय खेल दिवस पर MGKVP में होगा ‘खेलो इंडिया संवाद’, प्रधानमंत्री मोदी करेंगे युवाओं से लाइव संवाद
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 27 अगस्त को ‘खेलो इंडिया संवाद : युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे से होगी। इस दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया जाएगा, जिसके बाद युवाओं के साथ संवाद और विभिन्न गतिविधियों का आयोजन होगा।
कार्यक्रम में खेल प्रतिभाओं, युवाओं और विश्वविद्यालय से जुड़े विभिन्न लोगों की भागीदारी रहेगी। प्रधानमंत्री के संबोधन के लाइव प्रसारण के बाद युवाओं के साथ दोतरफा संवाद, खेल प्रतिभाओं एवं गणमान्यजनों के संबोधन के साथ कई युवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
यह आयोजन युवा खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से देशभर के 1,389 संस्थानों में किया जा रहा है। इनमें उत्तर प्रदेश के 148 संस्थान शामिल हैं। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ भी इस राष्ट्रव्यापी आयोजन का हिस्सा है।
राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, निदेशक, शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और संबद्ध इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ अन्य गणमान्य लोग भी शामिल होंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा और ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करना है। काशी विद्यापीठ में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम युवाओं के लिए संवाद, प्रेरणा और सहभागिता का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
