चोलापुर में नाबालिग छात्रा का अपहरण और दुष्कर्म, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप; मुख्य आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी: चोलापुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। आरोप है कि पड़ोसी गांव के एक युवक ने छात्रा को बहाने से अपने साथ ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करता रहा। मामले में पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर भी सवाल उठाए गए हैं। हालांकि मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोलापुर क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग छात्रा को 15 मार्च को पड़ोसी गांव मुर्दी (थाना सिंधौरा) निवासी राबिन यादव पुत्र गुलाब यादव निवासी ग्राम-तारापुर, चमरु मुर्दी थाना सिंधौरा जनपद वाराणसी बहाने से अपने साथ मुगलसराय ले गया। आरोप है कि वहां एक कमरे में छात्रा को बंधक बना लिया गया और उसे असलहे के बल पर जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान आरोपी ने मोबाइल फोन से छात्रा का अश्लील वीडियो भी बना लिया। दुष्कर्म के बाद आरोपी ने छात्रा को धमकी दी कि अगर उसने घर जाकर किसी को इस बारे में बताया तो वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। इसी डर और लोक-लाज के कारण छात्रा काफी समय तक चुप रही। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने कई बार उसके साथ जबरदस्ती की।
परिजनों का कहना है कि आरोपी की मंशा छात्रा को अपने दोस्तों के पास भी ले जाने की थी, लेकिन छात्रा के विरोध के बाद वह उसे गांव के पास छोड़कर फरार हो गया। घटना के अगले दिन आरोपी ने फिर से छात्रा पर अपने साथ चलने का दबाव बनाया। जब छात्रा ने इनकार कर दिया, तो आरोपी ने कथित तौर पर गांव के कुछ युवकों को वह वीडियो दिखा दिया।
जब इस बात की जानकारी छात्रा को हुई तो उसने हिम्मत जुटाकर अपने भाई और परिवार के अन्य सदस्यों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन शिकायत लेकर चोलापुर थाने पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि शुरुआत में पुलिस ने उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और उन्हें थाने से लौटा दिया।
हालांकि मामला सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर चर्चा में आने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रविन यादव को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
चोलापुर थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि नाबालिग छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म की शिकायत मिली थी। मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा भी प्रतीत हो रहा है, लेकिन शिकायत की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को जेल भेजने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल बना हुआ है।
