वाराणसी पुलिस लाइन में निर्माण कार्य के दौरान हादसा, छठी मंजिल से गिरकर श्रमिक की मौत
वाराणसी पुलिस लाइन में निर्माणाधीन जी-12 बिल्डिंग की छठी मंजिल से गिरकर 22 वर्षीय श्रमिक मोहम्मद इफ्तिखार की मौत हो गई। हादसा बालू चढ़ाने के दौरान संतुलन बिगड़ने से हुआ। गंभीर चोटों के बाद अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया। मामले की जांच जारी है।
वाराणसी : पुलिस लाइन परिसर में निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जी-12 बिल्डिंग की छठी मंजिल से गिरकर एक युवा श्रमिक की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब वह ऊपर बालू पहुंचाने का काम कर रहा था और अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे आ गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, श्रमिक बालू लेकर ऊपरी मंजिल पर गया था, लेकिन कुछ ही मिनटों में वह सीधे नीचे गिर पड़ा। करीब छह मंजिल की ऊंचाई से गिरने के कारण उसके सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आईं। घटना होते ही पुलिस लाइन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और निर्माण कार्य में लगे अन्य मजदूरों में दहशत फैल गई।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के तुरंत बाद ठेकेदार ने पुलिस अधिकारियों को सूचना दी और घायल श्रमिक को आनन-फानन में दीनदयाल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बिहार का रहने वाला था मृतक, परिवार को दी गई सूचना
डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार के अनुसार, मृतक की पहचान 22 वर्षीय मोहम्मद इफ्तिखार के रूप में हुई है, जो बिहार के अररिया जिले का निवासी था। वह पुलिस लाइन में चल रहे निर्माण कार्य में बालू चढ़ाने का काम कर रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संतुलन बिगड़ने के कारण वह छठी मंजिल से नीचे गिरा। मृतक अविवाहित था और उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है, जो वाराणसी पहुंच रहे हैं।
PWD को भी सूचित कर दिया गया है, अगर मृतक का इंश्योरेंस हुआ तो उसे भी क्लेम किया जाएगा, आगे की कार्रवाई की जा रही है, जांच में अभी तक यही सामने आया है कि माल को ऊपर खींचने के दौरान संतुलन बिगड़ने से श्रमिक नीचे गिर गया।
