Movie prime

मनीष सिंह की हत्या के विरोध में अधिवक्ताओं ने किया चक्काजाम, 48 घंटे का अल्टीमेटम
 

 
 मनीष सिंह की हत्या के विरोध में अधिवक्ताओं ने किया चक्काजाम, 48 घंटे का अल्टीमेटम
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र के भरथरा-घमहापुर गांव में मामूली विवाद में पीट-पीटकर व्यापारी मनीष सिंह की हत्या के मामले में अब अधिवक्ताओं ने मोर्चा संभाल लिया है। घटना के पांच दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस की लचर कार्रवाई से नाराज वकीलों ने शुक्रवार दोपहर गांव पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

सेंट्रल बार एसोसिएशन, वाराणसी के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम सहित दर्जनों अधिवक्ताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। परिवार ने पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई न करने, एनकाउंटर या बुलडोजर कार्रवाई न करने का गंभीर आरोप लगाया। इसके बाद अधिवक्ताओं और परिजनों ने बसनी-कुआर मार्ग पर चक्काजाम कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।

धरने के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं ने नारेबाजी की और कहा कि वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं आने तक धरना नहीं समाप्त किया जाएगा।

धरना लगभग 2:10 बजे शुरू हुआ। काफी देर तक चले प्रदर्शन के दौरान एसीपी पिंडरा मौके पर पहुंचे और उन्होंने 48 घंटे का समय मांगा। एसीपी ने आश्वासन दिया कि 48 घंटे के अंदर परिणाम सामने होगा और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हो जाएगी। उन्होंने बताया कि कमिश्नर ऑफ पुलिस (सीपी) आज शाम 5 बजे पीड़ित परिवार से मिलने वाले हैं।

एसीपी पिंडरा के आश्वासन के बाद अधिवक्ताओं और परिजनों ने धरना समाप्त कर दिया। लगभग 20 मिनट तक चक्काजाम रहने के बाद मार्ग पर आवागमन बहाल हो गया।

पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना को पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं। परिवार न्याय की मांग को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है।